कांग्रेस ने चुनावी राज्यों की तैयारियां तेज कीं, पांच राज्यों में जल्द गठित होंगी चुनावी कमेटियां
जयपुर (प्रतीक पाराशर )। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार इस वर्ष पश्चिम बंगाल, केरल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में होने वाले चुनावों के लिए संगठनात्मक और रणनीतिक ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में इन पांचों राज्यों में जल्द ही विभिन्न चुनावी कमेटियों का गठन किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार पार्टी इन राज्यों में घोषणा पत्र समिति, प्रचार समिति, समन्वय समिति और स्क्रीनिंग समिति सहित कई महत्वपूर्ण चुनावी इकाइयों का गठन करेगी। इन कमेटियों का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर रणनीति तैयार करना और चुनावी अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करना रहेगा।
पार्टी नेतृत्व स्तर पर भी इन राज्यों को लेकर बैठकों का दौर शुरू होने वाला है। राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे संबंधित राज्यों के वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा कर चुनावी रोडमैप तय करेंगे। प्रस्तावित बैठकों में उम्मीदवार चयन प्रक्रिया, मुद्दों की प्राथमिकता और प्रचार रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में आयोजित होने वाली बैठकों के माध्यम से राज्यों में चुनावी गतिविधियों को गति देने और जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करने पर विशेष फोकस रहेगा।