भगवान देवनारायण जी का 1114वां अवतरण दिवस देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष भड़ाना ने दिया बालिका शिक्षा व सामाजिक समरसता का संदेश
अजमेर | भगवान श्री देवनारायण जी के 1114वें अवतरण दिवस के अवसर पर अजमेर जिले में कई स्थानों पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता के संदेश दिए गए।
देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना ने जिले के किशनगढ़ , भूडोल एवं लमाना गांव में हुए इन आयोजनों में सहभागिता की। कार्यक्रम में भड़ाना ने पारंपरिक लोक संस्कृति से सराबोर माहौल में समाज में बालिका शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा और अच्छा स्वास्थ्य ही सशक्त समाज की नींव है। पढ़ी-लिखी महिलाएं सशक्त और कर्जमुक्त समाज का निर्माण कर सकती है। उन्होंने समाज के अग्रणी स्वर्गीय कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला को याद करते हुए कहा कि उनके सपनों को साकार करने के लिए भी शिक्षा ही सबसे प्रभावी माध्यम है।
भड़ाना ने कहा कि राज्य के इतिहास में पहली बार भगवान श्री देवनारायण जी से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा ठोस पहल की गई है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार ने भगवान देवनारायण जी की जन्मस्थली आसींद (भीलवाड़ा), निर्वाण स्थली देवमाली (मसूदा), बगड़ावतों की भूमि अंतरराष्ट्रीय तीर्थ स्थल सवाईभोज , करौली जिले के जगदीश धाम सहित विभिन्न स्थलों के जीर्णोद्धार एव विकास का कार्य किया है। ये समाज के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने देवनारायण स्कूटी योजना में पूर्व में चली आ रही विसंगतियों को दूर किया है। पिछली सरकार के समय लंबित पड़ी स्कूटी वितरण योजनाओं को भी वर्तमान सरकार द्वारा पूरा किया गया, जिससे पात्र विद्यार्थियों को वास्तविक लाभ मिल सका।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।