बीजेपी विधायक दल की बैठक: सीएम भजनलाल शर्मा ने मंत्रियों को दिए आक्रामक रुख के निर्देश
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी की विधायक दल बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंत्रियों और विधायकों को संगठनात्मक मजबूती और सदन में प्रभावी उपस्थिति पर जोर देते हुए आक्रामक रुख अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंतर्कलह से जूझ रही है, जबकि राजस्थान में सरकार ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। ऐसे में मंत्रियों को सदन में तथ्यों के साथ मजबूती से जवाब देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बैठक में अनुपस्थित रहने वाले विधायकों को फटकार लगाई और नियमित रूप से सदन में उपस्थित रहने वाले जनप्रतिनिधियों की सराहना की। उन्होंने श्रीचंद कृपलानी, जोगेश्वर गर्ग, सुभाष मील, संजीव बेनीवाल, कल्पना और अर्जुन लाल जीनगर के नाम लेकर उनकी सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा की तथा बैठक में उनके लिए तालियां भी बजवाईं।
सीएम शर्मा ने कहा कि प्रत्येक विभाग में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं, जिन्हें प्रभावी ढंग से सदन में रखा जाए। उन्होंने मंत्रियों से अपेक्षा की कि वे विपक्ष के आरोपों का तथ्यात्मक और सशक्त जवाब दें तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।