मसूदा में गुरु गोलवलकर जनभागीदारी विकास योजना पर एकदिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

मसूदा में गुरु गोलवलकर जनभागीदारी विकास योजना पर एकदिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
Spread the love

मसूदा (ब्यावर)। गुरु गोलवलकर जनभागीदारी विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मसूदा ब्लॉक मुख्यालय पर एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य आयोजना अधिकारी ने की।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि योजना का मूल उद्देश्य जन-सहयोग के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे योजना के प्रावधानों को समझते हुए इसे जमीनी स्तर पर परिणामोन्मुखी बनाएं।

प्रशिक्षण के दौरान विकास अधिकारी सन्देश पाराशर ने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से बताया कि स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी को प्रोत्साहित कर विकास कार्यों के प्रस्ताव किस प्रकार तैयार किए जा सकते हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) निर्माण के दौरान सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उनके प्रस्तावों को भी शामिल करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से कर्मचारियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।

कार्यशाला का मुख्य आकर्षण राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान के राष्ट्रीय सलाहकार आनंद शर्मा का संबोधन रहा। उन्होंने योजना की बारीकियों एवं इसकी कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए रणनीतिक क्रियान्वयन के व्यावहारिक पक्षों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि योजनाओं को केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित न रखकर धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करना आवश्यक है।

शर्मा ने जनभागीदारी के मनोवैज्ञानिक एवं तकनीकी आयामों पर चर्चा करते हुए स्थानीय समुदायों को विकास कार्यों से जोड़ने के प्रभावी तरीकों की जानकारी दी। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने, पारदर्शिता बनाए रखने और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के समन्वय के माध्यम से ग्रामीण विकास को गति देने के उपाय साझा किए। उन्होंने प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए तकनीकी प्रश्नों का समाधान भी प्रस्तुत किया तथा फील्ड स्तर पर आने वाली चुनौतियों पर मार्गदर्शन दिया।

प्रशिक्षण में सहायक बीडीओ मसूदा, पंचायत समिति के कार्मिक तथा ब्लॉक की विभिन्न ग्राम पंचायतों के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *