अब पुरानी आरपीएससी से अजमेर प्रवेश के सिंह द्वार तक होगा सौन्दर्यीकरण

Spread the love

अब पुरानी आरपीएससी से अजमेर प्रवेश के सिंह द्वार तक होगा सौन्दर्यीकरण

सम्राट पृथ्वीराज चौहान, स्वतंत्रता सैनानियों, छोटे गार्डन और अन्य आकर्षण होंगे

अजमेर, 15 अप्रैल। अजमेर के विकास और सौन्दर्यीकरण की दिशा में अहम पड़ाव माने जाने जा रहे जयपुर रोड़ का विकास अब पुरानी आरपीएससी से सिंह द्वार तक होगा। यहां सड़क के दोनों ओर विकास, सम्राट पृथ्वीराज चौहान और स्वतंत्रता सैनानियों की मूर्ति, आकर्षक लाइटिंग और ऎसी ही सुविधाएं विकसित होंगी।

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने बुधवार को सर्किट हाउस में नगर निगम के अधिकारियों की बैठक ली। श्री देवनानी के निर्देश पर जयपुर रोड़ के पुरानी आरपीएससी भवन से सिंह द्वार तक विकास का कार्य जारी है। निगम के अधिकारियों ने बताया कि अजमेर में प्रवेश के लिए सिंह द्वार से लेकर पुरानी आरपीएससी तक 8.83 करोड़ की लागत से सौन्दर्यीकरण के काम जारी है। यह प्रोजेक्ट अजमेर में स्थित जयपुर रोड को राजस्थानी विरासत और नागरिक पहचान को प्रदर्शित करने वाले एक जीवंत शहरी स्थान में बदल देगा।

श्री देवनानी ने बताया कि इस मार्ग पर अजमेर प्रवेश द्वार पर लाइटिंग के साथ विशाल मूर्तियां- सम्राट पृथ्वीराज चौहान की मूर्ति, स्वतंत्रता सैनानियों की मूर्ति, राजस्थानी गायक, नर्तकी, विशाल हाथी पर राजा का जुलूस और विरासत म्यूरल, नवीन सर्किल बनाए जाएंगे। इस पर शाही जुलूस की मूर्ति और पृथ्वीराज चौहान की मूर्ति लगायी जाएगी। आईजीपी कार्यालय में स्क्रीन लिट वॉल आर्ट में राजस्थान के गौरवशाली इतिहास एवं विरासत को उल्लेखित किया जाएगा। हिल-साइड ढलानों पर कहानी कहने वाले कैनवास, सेंट्रल जेल में एब्सट्रैक्ट आर्ट लैंडस्केपिंग, स्ट्रीट फर्नीचर, सोफिया गर्ल्स कॉलेज के सामने और अम्बेडकर सर्कल में विशिष्ट नागरिक स्थल पर सुन्दर पौधे एवं लैंडस्केपिंग की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार सम्पूर्ण जयपुर रोड पर एक रंग में ही सभी स्कूल एवं कार्यालय भवनों की दीवारों पर सौंदर्यीकरण कार्य किया जाएगा। चित्रों के साथ लाल बलुआ पत्थर के मध्य मीडियन (डिवाईडर) को नया रूप दिया जाएगा। सजावटी प्रकाश, फव्वारा, और फुटपाथ विकास किया जाएगा। सेंड स्टोन की छत्रियां 10 फव्वारें एवं नयी लाइट पोल्स लगाए जाएंगे। डिवाईडर पर जोधपुरी स्टोन के पत्थर से नक्काशी के अतिरिक्त अंदर की सुन्दर हॉर्टिकल्चर कार्य करवाया जाएगा।

श्री देवनानी ने कहा कि इस परियोजना में राजस्थानी स्थापत्य शैली और स्थानीय सामग्रियों का उपयोग किया जाएं। इससे जयपुर रोड केवल एक यातायात मार्ग नहीं रहेगा, बल्कि यह सांस्कृतिक पहचान और नागरिक गौरव को प्रदर्शित करने वाली एक भव्य शहरी धुरी के रूप में विकसित होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद अजमेर आने वाले पर्यटकों और नागरिकों को एक नए, स्वच्छ और सुंदर शहर का अनुभव होगा।

बैठक में गांधी भवन के पीछे बनने वाली नई लाइब्रेरी, रामसेतु के नीचे पार्किंग, नगर निगम द्वारा बनवाए जा रहे 11 नालों, शिवाजी पार्क, बारिश से पूर्व सभी नालों की सफाई, नई शामिल कॉलोनियों में सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *