राजस्थान के CM के काफिले से गाड़ियां कम हुईं- PM MODI की अपील का असर

राजस्थान के CM के काफिले से गाड़ियां कम हुईं- PM MODI की अपील का असर
Spread the love

JAIPUR : राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले में अब गाड़ियों की संख्या कम दिखाई देने लगी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत को लेकर की गई अपील का असर अब प्रदेश सरकार के स्तर पर भी नजर आने लगा है। सोमवार सुबह मुख्यमंत्री जब दिल्ली रवाना होने के लिए सांगानेर एयरपोर्ट पहुंचे, तब उनके कारकेड में पहले की तुलना में काफी कम वाहन शामिल थे।

जानकारी के अनुसार पहले मुख्यमंत्री के काफिले में करीब 10 से 12 गाड़ियां रहती थीं, लेकिन अब इसे घटाकर लगभग 5 वाहन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने खुद अपने काफिले से अनावश्यक वाहनों को हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने मंत्रियों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी सरकारी वाहनों के इस्तेमाल में मितव्ययता बरतने और बिना जरूरत वाहनों का उपयोग नहीं करने को कहा है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य के सभी अधिकारी और जनप्रतिनिधि अपने वाहनों के उपयोग में जिम्मेदारी दिखाएं। पेट्रोल-डीजल की बचत केवल आर्थिक जरूरत नहीं बल्कि समय की मांग भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां कम वाहनों में काम हो सकता है, वहां अनावश्यक काफिले और अतिरिक्त वाहनों से बचना चाहिए।

दरअसल, हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद और वडोदरा में आयोजित जनसभाओं के दौरान देशवासियों से ईंधन बचाने और विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत रखने के लिए सात महत्वपूर्ण अपीलें की थीं। प्रधानमंत्री ने लोगों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अधिक उपयोग करने, कार पूलिंग अपनाने और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने का आग्रह किया था।

प्रधानमंत्री ने इसके अलावा कंपनियों और कर्मचारियों से जरूरत पड़ने पर वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन मीटिंग्स को प्राथमिकता देने की भी बात कही थी, ताकि यात्रा और ईंधन खर्च कम हो सके। साथ ही उन्होंने विदेशी यात्राएं और डेस्टिनेशन वेडिंग कुछ समय के लिए टालने, अनावश्यक सोना खरीदने से बचने और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील भी की थी।

किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने और लोगों से खाने के तेल की खपत सीमित रखने का आग्रह भी प्रधानमंत्री की अपीलों में शामिल था। अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा अपने काफिले में कटौती किए जाने को इन्हीं संदेशों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com