ट्रेन से अजमेर पहुंचीं डिप्टी CM दीया कुमारी, बोलीं- पेट्रोल-डीजल बचाएं, राष्ट्रहित में निभाएं जिम्मेदारी
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी रविवार को ट्रेन से अजमेर पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री की अपील को अपनाते हुए आमजन से पेट्रोल-डीजल के सीमित उपयोग और जरूरत पड़ने पर ही यात्रा करने का आग्रह किया। अजमेर रेलवे स्टेशन पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि देश वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के दौर से गुजर रहा है और ऐसे समय में हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने लोगों से वर्क फ्रॉम होम को अपनाने, ईंधन की बचत करने तथा कुछ समय तक सोने की खरीदारी से बचने की अपील भी की।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि संकट के समय छोटी-छोटी सावधानियां भी देश पर पड़ने वाले प्रभाव को कम कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की अपील को ध्यान में रखते हुए वे स्वयं भी ट्रेन से यात्रा कर रही हैं, जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इलेक्ट्रिक बस में सफर कर संदेश देने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि यदि देशवासी अपने दैनिक जीवन में ऐसे बदलाव अपनाते हैं तो राष्ट्रीय स्तर पर सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
कांग्रेस के विरोध संबंधी सवाल पर दीया कुमारी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को न पहले देश की चिंता थी और न अब है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रहित में देशवासियों से अपील की है, लेकिन विपक्ष केवल राजनीति करने में लगा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि कई देशों में पेट्रोल के दाम 20 प्रतिशत तक बढ़ चुके हैं, जबकि भारत में केवल तीन से चार प्रतिशत की वृद्धि हुई है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस शासनकाल के भ्रष्टाचार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि पुराने घोटालों की चर्चा शुरू की जाए तो पूरा दिन निकल जाएगा।

केसरपुरा ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण, ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी अजमेर जिले की ग्राम पंचायत केसरपुरा में आयोजित नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन के लोकार्पण समारोह एवं ग्राम विकास चौपाल में भाग लेने पहुंची थीं। उन्होंने नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करते हुए कहा कि केसरपुरा का ग्राम पंचायत भवन पूरे राजस्थान के लिए एक मॉडल है और इसी प्रकार के सुविधायुक्त भवन अन्य ग्राम पंचायतों में भी बनने चाहिए।
“गांव तक बार-बार पहुंच रही सरकार”, ग्राम विकास चौपाल में विकास को बताया सतत प्रक्रिया
ग्राम विकास चौपाल को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त पंचायत भवन ग्रामीण विकास को नई दिशा देंगे तथा स्थानीय बैठकों और प्रशासनिक कार्यों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएंगे। चौपाल के दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सुझाव पेटिका में प्राप्त सुझावों पर भी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
दीया कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार लगातार गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याओं का समाधान कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और ग्रामीण विकास एक सतत प्रक्रिया है, जिसे निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।