भीलवाड़ा में आज बंद रहेंगे पेट्रोल पंप, फेसबुक पोस्ट के विरोध में डीलर्स की हड़ताल
भीलवाड़ा में सोमवार को पेट्रोल पंप संचालकों ने एक दिन की हड़ताल का ऐलान किया है। पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन की रविवार देर शाम हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। हड़ताल के चलते शहर में सुबह 9 बजे से पेट्रोल पंप बंद रहेंगे।
मामला हाल ही में रसद विभाग द्वारा किए गए औचक निरीक्षण और उससे जुड़ी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर गरमाया है। निरीक्षण के दौरान कई पेट्रोल पंपों पर कार्रवाई की गई थी। वहीं एक पेट्रोल पंप पर प्रति 5 लीटर पेट्रोल में 30 मिलीलीटर कम पेट्रोल मिलने की बात सामने आई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक फेसबुक यूजर द्वारा पेट्रोल पंप संचालकों पर अभद्र टिप्पणी किए जाने से डीलर्स में नाराजगी बढ़ गई।
पेट्रोल पंप संचालक सोमवार को दोपहर 12 बजे कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपेंगे। डीलर्स एसोसिएशन के सचिव अशोक मूंदड़ा ने रसद विभाग की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि निरीक्षण के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया और तकनीकी गणना को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया।
एसोसिएशन ने यह भी निर्णय लिया है कि अब जिले में पेट्रोल पंप रोजाना रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक बंद रखे जाएंगे। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और सरकारी वाहनों जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जाएगा।