मंत्री सुरेश सिंह रावत ने की व्यापक जनसुनवाई कर अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
मंत्री सुरेश सिंह रावत ने की व्यापक जनसुनवाई कर अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
भाजपा जिला कार्यालय, मदारपुरा रोड, अजमेर में आज राजस्थान सरकार के जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं एवं आमजन से संवाद करते हुए व्यापक जनसुनवाई की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, भाजपा कार्यकर्ता एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं ने पेयजल आपूर्ति, नलकूप एवं ट्यूबवेल की मरम्मत, तालाबों और नालों की सफाई, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, सड़कों की स्थिति, बिजली आपूर्ति तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ से जुड़े विषय प्रमुखता से उठाए।
मंत्री श्री रावत ने सभी समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए कहा कि जनता की समस्या का त्वरित समाधान प्रशासन एवं संबंधित विभागों की प्रथम जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत पर प्राथमिकता के आधार पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनहित में दिए गए प्रमुख निर्देशों में आपात जल समस्याओं एवं पेयजल आपूर्ति से जुड़े मामलों का 48 से 72 घंटे के भीतर प्रारम्भिक निस्तारण, नलकूप एवं ट्यूबवेल की खराबी पर त्वरित तकनीकी निरीक्षण एवं मरम्मत, तालाबों, नालों एवं जलाशयों की सफाई और पुनरुद्धार हेतु समन्वित अभियान चलाना शामिल रहा। इसके साथ ही उन्होंने दीर्घकालिक जल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वर्षा जल संचयन, रिचार्ज संरचनाओं एवं जल संरक्षण योजनाओं को शीघ्र लागू करने के निर्देश भी दिए।
मंत्री श्री रावत ने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त शिकायतों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखा जाए तथा आमजन को समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए ताकि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने यह भी कहा कि जिन मामलों का त्वरित समाधान संभव नहीं है, उनमें स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित कर जनता को जानकारी दी जाए। साथ ही मॉनिटरिंग तंत्र को और अधिक सुदृढ़ करने तथा क्षेत्रीय निरीक्षणों में तेजी लाने के निर्देश भी प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने मंत्री श्री रावत के जनसंपर्क, संवेदनशील कार्यशैली एवं समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।