अजमेर में महिला कांग्रेस का महत्वपूर्ण अधिवेशन आयोजित, अलका लांबा ने महिला सुरक्षा और अधिकारों पर सरकार को घेरा
अजमेर | आवाज राजस्थान की
अजमेर के सर्किट हाउस में मंगलवार को अजमेर देहात जिला महिला कांग्रेस कार्यकारिणी का महत्वपूर्ण अधिवेशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती अलका लांबा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. सारिका सिंह ने की।
अधिवेशन में महिला सशक्तिकरण, संगठन की मजबूती और आगामी रणनीतियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में महिला कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने महिलाओं की सुरक्षा, बढ़ते अत्याचार, महंगाई और जनहित के मुद्दों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं अपने अधिकारों और सुरक्षा के मुद्दों पर खुलकर आवाज उठाएंगी और अन्याय के खिलाफ संघर्ष को और मजबूत किया जाएगा।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेता रामचन्द्र चौधरी और सीमा चौधरी की सक्रिय उपस्थिति भी विशेष चर्चा का विषय रही। दोनों नेताओं ने महिला संगठन को मजबूत करने, ग्रामीण स्तर तक महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अलका लांबा ने कहा कि देशभर में महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर महिला कांग्रेस लगातार सक्रिय है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और महिलाओं की समस्याओं को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. सारिका सिंह ने भी संगठन को मजबूत करने और महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
अधिवेशन के दौरान महिला अधिकार, सामाजिक सुरक्षा, महंगाई और क्षेत्रीय जनसमस्याओं सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई स्थानीय नेता, महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।