पुष्कर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सरोवर पूजन कर लगाए जय श्रीराम और सनातन धर्म के जयकारे

पुष्कर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सरोवर पूजन कर लगाए जय श्रीराम और सनातन धर्म के जयकारे
Spread the love

केंद्र और राज्य सरकार पर साधा निशाना, बोले- तीर्थराज पुष्कर के विकास पर अपेक्षित ध्यान नहीं

पुष्कर/अजमेर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने रविवार को अधिकमास पूर्णिमा के अवसर पर पुष्कर सरोवर में पूजा-अर्चना कर ब्रह्मा मंदिर के दर्शन किए। इस दौरान उनके साथ दिल्ली एवं राजस्थान कांग्रेस के अनेक जिलाध्यक्ष भी मौजूद रहे। जूली ने ब्रह्म घाट पर आयोजित महाआरती में भाग लिया और श्रद्धालुओं तथा तीर्थ पुरोहितों के साथ जय श्रीराम एवं सनातन धर्म के जयकारे लगाए।

पूजन-अर्चना के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए जूली ने केंद्र और राज्य सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुष्कर देश और दुनिया में आस्था के प्रमुख केंद्रों में से एक है, लेकिन इसके अनुरूप आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया है।

उन्होंने कहा कि अधिकमास पूर्णिमा के अवसर पर लाखों श्रद्धालु पुष्कर पहुंचे, लेकिन श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए और अधिक प्रयास किए जाने चाहिए। जूली ने प्रदेश में पेयजल, बिजली और गोवंश से जुड़े मुद्दों को भी उठाते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।

राजनीतिक भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस मजबूत स्थिति में होगी और प्रदेश की जनता बदलाव का समर्थन करेगी।

इस अवसर पर दिल्ली कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष देवेंद्र यादव सहित राजस्थान और दिल्ली के कई कांग्रेस जिलाध्यक्ष मौजूद रहे। एनएसयूआई अध्यक्ष मधुसूदन पाराशर, वैद्यनाथ पाराशर, जगदीश कुर्डिया सहित तीर्थ पुरोहितों ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों से मिले अशोक गहलोत

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रविवार रात अजमेर स्थित सर्किट हाउस पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका स्वागत किया। गहलोत ने विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक समुदायों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर क्षेत्रीय और सामाजिक विषयों पर चर्चा की।

सर्किट हाउस में अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती, पूर्व विधायक कय्यूम खान, द्रौपदी कोली सहित युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस और सेवा दल के पदाधिकारी उपस्थित रहे। मुस्लिम एकता मंच के प्रतिनिधियों से भी गहलोत ने अलग से मुलाकात की। इस दौरान सिख समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

तिलोरा और नांद में हुआ पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रविवार शाम तिलोरा से नांद पहुंचे, जहां पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान संजय जोशी, प्रमोद पाराशर, नौरत गुर्जर, सर्वेश पारीक, जगदीश कुर्डिया, अरुण पाराशर, करताल मीणा, मधुसूदन पाराशर, शैलेश गुप्ता, संजय दग्दी और भागचंद दग्दी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

राहुल गांधी के प्रस्तावित पुष्कर दौरे से पूर्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की सक्रियता और विभिन्न बैठकों को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *