उत्तर भारत का सर्वश्रेष्ठ प्लांट है अजमेर डेयरी, राजसमंद संचालक मंडल ने की सराहना

उत्तर भारत का सर्वश्रेष्ठ प्लांट है अजमेर डेयरी, राजसमंद संचालक मंडल ने की सराहना
Spread the love

अजमेर। राजसमंद जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के संचालक मंडल ने मंगलवार को अजमेर सरस डेयरी के अत्याधुनिक एवं विशाल प्लांट का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान राजसमंद से आए प्रतिनिधिमंडल ने डेयरी की आधुनिक तकनीक, उत्कृष्ट कार्यप्रणाली एवं उत्पादन व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे उत्तर भारत का सर्वश्रेष्ठ डेयरी प्लांट बताया। साथ ही उन्होंने भविष्य में अजमेर डेयरी से जुड़ने की प्रबल इच्छा भी व्यक्त की।

अजमेर डेयरी परिसर पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल का पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया। अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी एवं प्रबंध संचालक रामलाल चौधरी ने अतिथियों का माल्यार्पण कर, साफा पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट किए।

भ्रमण के दौरान राजसमंद डेयरी के संचालक मंडल ने बताया कि वर्तमान में उनके जिले का दुग्ध संकलन भीलवाड़ा डेयरी को भेजा जा रहा है तथा दुग्ध उत्पादों का विपणन भी वहीं से संचालित हो रहा है। हालांकि अजमेर डेयरी के आधुनिक प्लांट एवं उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों को देखकर उन्होंने अजमेर डेयरी से जुड़ने की इच्छा व्यक्त की।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि यदि राजसमंद डेयरी को अजमेर डेयरी के साथ जोड़ा जाता है तो जिले के दुग्ध उत्पादकों एवं उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाले दुग्ध उत्पादों का लाभ मिलेगा। उन्होंने इस दिशा में सकारात्मक पहल की आवश्यकता पर भी बल दिया।

इस अवसर पर अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने प्लांट की कार्यप्रणाली एवं उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि नवीनतम तकनीक, उच्च स्वच्छता मानकों और विशाल उत्पादन क्षमता के कारण अजमेर सरस डेयरी का प्लांट आज उत्तर भारत के अग्रणी डेयरी प्लांटों में शामिल है। उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से किसानों के दूध की गुणवत्ता सुरक्षित रखी जाती है तथा उपभोक्ताओं तक सर्वोत्तम उत्पाद पहुंचाए जाते हैं।

राजसमंद डेयरी के चेयरमैन लक्ष्मीनारायण गुर्जर के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल में डायरेक्टर प्रकाश पालीवाल, जगदीश चंद्र शर्मा, संजना गुर्जर, मानसा कंवर, रूपलाल गमेती, प्रतिनिधि अनिल देशवाल तथा क्वालिटी कंट्रोल प्रभारी जागृत गोस्वामी शामिल रहे। भ्रमण के उपरांत सभी सदस्यों ने अजमेर डेयरी की व्यवस्थाओं, तकनीकी दक्षता एवं गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

अजमेर डेयरी और राजसमंद डेयरी के बीच संभावित सहयोग को सहकारिता क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे दोनों जिलों के दुग्ध उत्पादकों एवं उपभोक्ताओं को व्यापक लाभ मिलने की संभावना है।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *