12 जून से 15 जुलाई तक प्रदेशभर में लगेंगे ग्रामीण और शहरी सेवा शिविरमुख्य सचिव ने कलेक्टरों और संभागीय आयुक्तों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
जयपुर। राज्य सरकार की विशेष पहल के तहत प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना के लिए 10 जून को राज्यभर में विशेष पूजा-अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों तथा आगामी ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने मंगलवार को सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला कलेक्टरों एवं संभागीय आयुक्तों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने बताया कि बुधवार सुबह 8 बजे जिला एवं उपखंड स्तर पर स्थानीय मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि इन कार्यक्रमों में साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों तथा आमजन की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
इसी दिन प्रदेशभर के जिला एवं ब्लॉक स्तर पर नारी चौपाल कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। बैठक में मुख्य सचिव ने इन कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए एजेंडा के अनुरूप गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से नारी चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
नारी चौपालों में बाल विवाह रोकथाम, साइबर सुरक्षा, एनीमिया नियंत्रण, लिंगानुपात सुधार, सर्वाइकल कैंसर जागरूकता एवं बालिकाओं के टीकाकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से जानकारी दी जाएगी।
बैठक में मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश के आमजन की स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 12 जून से 15 जुलाई तक ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों, उपखंड अधिकारियों, नगर निकायों एवं प्राधिकरण अधिकारियों को शिविरों के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सरकार की योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी पहुंच सके। उन्होंने शिविरों में होने वाली गतिविधियों की प्रतिदिन वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी कराने तथा दैनिक प्रगति रिपोर्ट सक्षम स्तर पर प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने जिलावार, निकाय स्तर, प्राधिकरण एवं न्यास स्तर पर लंबित पट्टा प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने पर भी जोर दिया।
शहरी सेवा शिविरों में साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट स्थापना, नालियों की मरम्मत, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन को उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं ग्रामीण सेवा शिविर प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों के मुख्यालयों पर आयोजित होंगे, जहां राजस्व अभिलेखों से संबंधित कार्य, खातों का शुद्धिकरण, रास्तों से जुड़े विवादों का समाधान, भू-अतिक्रमण हटाने सहित अन्य समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा।
मुख्य सचिव ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से किसानों, ग्रामीणों एवं शहरी नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से उपलब्ध कराते हुए जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।