भर में मादक द्रव्यों के सेवन और अवैध तस्करी के विरुद्ध अंतर्राष्ट्रीय दिवस (26 जून) के उपलक्ष्य में आगामी 26 जून तक नशा मुक्त भारत सप्ताह का आयोजन
नशा मुक्त भारत सप्ताह में आयोजित होगी गतिविधियां
अजमेर, 18 जून। देश भर में मादक द्रव्यों के सेवन और अवैध तस्करी के विरुद्ध अंतर्राष्ट्रीय दिवस (26 जून) के उपलक्ष्य में आगामी 26 जून तक नशा मुक्त भारत सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक श्री जयप्रकाश ने बताया कि नशा मुक्त भारत अभियान विकसित भारत की पहचान की मुख्य थीम पर आधारित इस 10 दिवसीय विशेष अभियान के अंतर्गत अजमेर जिले में प्रत्येक दिन के लिए विशिष्ट गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई है। समाज के हर वर्ग तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के आगामी क्रम में शुक्रवार, 19 जून को नशे के विरूद्ध शपथ दिलाई जाएगी। जन-जागरूकता को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए 20 जून शपथ ग्रहण एवं नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा। इसके पश्चात 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष योग एवं ध्यान सत्रों का आयोजन होगा। इसमें नशे की लत से दूर रहने और मानसिक स्वास्थ्य व तनाव प्रबंधन के गुर सिखाए जाएंगे। आगामी 22 जून को नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि जिले के समस्त सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों और विकास खंडों में एक साथ 23 जून को सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जहां सभी नागरिक नशा न करने की सामूहिक प्रतिज्ञा लेंगे। इसके पश्चात 24 जून को रीट सभागार में जिला स्तरीय सेमिनार एवं कार्यशाला का आयोजन होगा। इसके बाद 25 जून को साँसी बस्ती एवं 9 नम्बर पेट्रोलियम पर जन जागरूकता अभियान आयोजित होगा। अभियान के अंतिम दिन 26 जून को मादक द्रव्यों के सेवन और अवैध तस्करी के विरुद्ध अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर प्रभात फेरी एवं नुक्कड़ नाटक होंगे।