BREAKING NEWS: ACB मुख्यालय पहुंचे मंत्री किरोड़ीलाल मीणा, बोले- “अगर दोषी हूं तो गिरफ्तार करो”
जयपुर। राजस्थान की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला जब मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा अचानक भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) मुख्यालय पहुंच गए। कथित बीज घोटाला और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर उन्होंने ACB के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की और अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी।
मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने दो टूक शब्दों में कहा, “अगर मैं दोषी हूं तो मुझे तुरंत गिरफ्तार करो।” उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक ताकतें उन्हें बदनाम करने की साजिश कर रही हैं और कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों से वे मानसिक रूप से पीड़ित हैं।
ACB मुख्यालय के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए मीणा ने कहा कि “ACB अपनी लक्ष्मण रेखा पार नहीं करे और जनता के सामने पूरी स्थिति स्पष्ट करे। डॉक्टर कौन है और मंत्री कौन है, यह भी साफ होना चाहिए।”
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि पूरे मामले की जांच किसी सिटिंग जज से करवाई जाए ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके और सभी तरह के संदेह समाप्त हो जाएं।
इस घटनाक्रम के बाद राजस्थान की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने की संभावना है। अब सभी की निगाहें ACB और राज्य सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।