भिनाय को मिलेगी करोड़ों की विकास सौगात, विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत करेंगे शिलान्यास व लोकार्पण
मसुदा/भिनाय। मसूदा विधानसभा क्षेत्र के भिनाय कस्बे में शनिवार को विकास कार्यों की नई सौगात मिलने जा रही है। क्षेत्रीय विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत करीब 7 करोड़ 45 लाख रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है तथा बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत करीब 7 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन चिकित्सालय भवन के शिलान्यास से होगी। इस भवन के निर्माण से भिनाय एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
इसके बाद विधायक मद से 20 लाख रुपये की लागत से भगवान श्री देवनारायण के पिता एवं प्रमुख बगड़ावत वीर श्री सवाई भोज महाराज के झटके के समीप बनने वाले खुले विश्राम गृह (तिबारे) का शिलान्यास किया जाएगा। स्थानीय लोगों के अनुसार इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल पर पहली बार विधायक मद से विकास कार्य कराया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान अंबेडकर भवन के निकट विधायक मद से 10 लाख रुपये की लागत से दो नए कक्षों के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास होगा। वहीं खटीक मोहल्ला स्थित शिव मंदिर के पास विधायक मद से 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित खुले विश्राम गृह का लोकार्पण भी विधायक कानावत द्वारा किया जाएगा।
भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में क्षेत्र के पूर्व जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से भिनाय क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।