जनसेवा में रोटरी क्लब आगे—नसीराबाद बस स्टैंड का बदला स्वरूप, यात्रियों को गर्मी-बारिश से राहत
जनसेवा में रोटरी क्लब आगे—नसीराबाद बस स्टैंड का बदला स्वरूप, यात्रियों को गर्मी-बारिश से राहत
स्व. चवनी लाल हलवाई की पुण्य स्मृति में भढ़ाना परिवार का सराहनीय योगदान
नसीराबाद आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए रोटरी क्लब नसीराबाद ने शहर के मुख्य बस स्टैंड का व्यापक जीर्णोद्धार कर उसे नया स्वरूप प्रदान किया है। यह सराहनीय कार्य स्वर्गीय चवनी लाल हलवाई की पुण्य स्मृति में भढ़ाना परिवार के सहयोग से सम्पन्न हुआ। इस कार्य में मुरली जी गुर्जर, कल्याण जी गुर्जर एवं सोनू जी गुर्जर का विशेष योगदान रहा।
क्लब अध्यक्ष मनीष झंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रोजेक्ट पर लगभग 7 लाख रुपये की लागत आई है। कार्य के अंतर्गत बस स्टैंड पर शेड का दोनों ओर विस्तार किया गया, प्लेटफॉर्म्स को चौड़ा किया गया, साथ ही प्लास्टर, फर्शीकरण, नए दरवाजे-खिड़कियां, रंग-रोगन, आधुनिक लाइटिंग एवं पंखों की व्यवस्था की गई। इसके अलावा स्टाफ के लिए नया फर्नीचर तथा यात्रियों के बैठने के लिए ग्रेनाइट की नई बेंचें भी लगवाई गई हैं।
बस स्टैंड पर लगाए गए टिनशेड और पंखों की व्यवस्था से यात्रियों को गर्मी और बारिश से काफी राहत मिल रही है। अब बस की प्रतीक्षा करने वाले मुसाफिरों को बेहतर और सुविधाजनक वातावरण मिल रहा है।
इस अवसर पर रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. निशा शेखावत, नंदकिशोर जी, अमित तापड़िया, क्लब अध्यक्ष मनीष झंवर विजय मेहरा डॉ. विनायक गोड सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।