4 जुलाई को पीएम मोदी करेंगे जयपुर मेट्रो फेज-2 का वर्चुअल उद्घाटन, 5,664 नव नियुक्त कार्मिकों को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
जयपुर-प्रतीक पाराशर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई 2026 को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम स्थित इंडोर हॉल से जयपुर मेट्रो फेज-2 का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों में चयनित 5,664 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी नवनियुक्त कार्मिकों का पंजीकरण कर उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर यातायात प्रबंधन, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, भीड़ नियंत्रण तथा आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।
प्रतिभागियों की सुविधा के लिए कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, मोबाइल शौचालय, चिकित्सा सहायता, एम्बुलेंस, अग्निशमन, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, बैकअप जनरेटर, इंटरनेट एवं संचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दिव्यांगजन प्रतिभागियों के लिए भी विशेष सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) राजीव द्विवेदी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल कविया तथा जयपुर मेट्रो के निदेशक (कंपनी मामलात) महेश बुराडिया को सह-नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।