राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर का निरीक्षण, शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
जयपुर-प्रतीक पाराशर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को वित्त विभाग की संयुक्त शासन सचिव (व्यय) डॉ. भारती दीक्षित ने शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर का निरीक्षण कर वित्त विभाग से संबंधित परिवादों एवं उनके निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डॉ. दीक्षित ने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज वित्त विभाग से संबंधित शिकायतों, संतुष्टि प्रतिशत, औसत निस्तारण समय, विषयवार शिकायतों की श्रेणियों तथा विभिन्न अधिकारी स्तर पर लंबित प्रकरणों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और लंबित मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वित्त विभाग से जुड़े प्रकरण कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और आमजन के आर्थिक हितों से सीधे संबंधित होते हैं। इसलिए ऐसे मामलों का निर्धारित समय सीमा में संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
डॉ. दीक्षित ने अधिकारियों को शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने, अनावश्यक रूप से लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने तथा शिकायतों के औसत निस्तारण समय में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवादियों की संतुष्टि बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर शिकायत निवारण व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।