IAS सौम्या झा के निर्देश पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चला बुलडोजर, 38 स्थानों से हटाए गए अवैध अतिक्रमण

IAS सौम्या झा के निर्देश पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चला बुलडोजर, 38 स्थानों से हटाए गए अवैध अतिक्रमण
Spread the love

दौसा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हाल ही में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद दौसा जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। जिला कलेक्टर सौम्या झा (आईएएस) के निर्देश पर पुलिस प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की संयुक्त टीम ने एक्सप्रेसवे के किनारे बने अवैध होटल, ढाबों, दुकानों और अन्य अस्थायी व्यावसायिक अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलाते हुए अब तक 38 स्थानों से अतिक्रमण हटाया है।

प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए की जा रही है, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। हाल ही में एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण हादसे में आठ लोगों की मृत्यु के बाद जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच कराई थी।

हादसे की जांच में सामने आई साइन बोर्ड की खामी

दौसा जिला कलेक्टर सौम्या झा ने बताया कि जांच समिति की रिपोर्ट में हाईवे पर लगे अस्पष्ट साइन बोर्ड तथा दिशा सूचक एरो (Arrow) का अभाव दुर्घटना का प्रमुख कारण पाया गया। रिपोर्ट के अनुसार चालक सही दिशा का अनुमान नहीं लगा सके, जिससे भ्रम की स्थिति बनी और बस तथा ट्रेलर के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में आठ लोगों की जान चली गई

कलेक्टर ने बताया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में एक्सप्रेसवे के आसपास किए गए अवैध अतिक्रमणों को भी चिह्नित कर हटाया जा रहा है, ताकि दृश्यता बेहतर हो और यातायात सुरक्षित बनाया जा सके।

पुलिस, प्रशासन और NHAI की संयुक्त कार्रवाई

अभियान जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश (आईपीएस) तथा दौसा पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित (आईपीएस) के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकर लाल मीणा एवं विनोद कुमार सीपा के पर्यवेक्षण में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस तथा NHAI की टीम संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही है।

अब तक अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 38 अस्थायी अवैध अतिक्रमण हटाए गए हैं। इनमें नांगल राजावतान थाना क्षेत्र में 12, पापड़दा में 9, राहुवास में 7, लालसोट में 6, बांदीकुई में 2, कोलवा में 1 तथा झांपदा में 1 अतिक्रमण शामिल हैं।

भविष्य में भी जारी रहेगा अभियान

प्रशासन ने कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेसवे के आसपास अवैध अतिक्रमण सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। आमजन से अपील की गई है कि वे राजमार्ग की भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *