अजमेर में स्वच्छता व्यवस्था होगी और मजबूत, सभी 80 वार्डों में स्थायी सफाई कर्मचारियों की तैनाती

अजमेर में स्वच्छता व्यवस्था होगी और मजबूत, सभी 80 वार्डों में स्थायी सफाई कर्मचारियों की तैनाती
Spread the love

अजमेर, 5 जुलाई। शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने की दिशा में नगर निगम अजमेर ने बड़ा कदम उठाया है। निगम प्रशासन ने शहर के सभी 80 वार्डों में स्थायी सफाई कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित कर स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बना दिया है। इस पहल का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में नियमित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना है, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

नगर निगम आयुक्त Nithya K ने बताया कि नगर निगम अजमेर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर पूर्णतः प्रतिबद्ध है। निगम की सभी सफाई टीमें प्रतिदिन निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं, जिससे शहर में नियमित साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि स्थायी कर्मचारियों की वार्डवार तैनाती से सफाई कार्यों में निरंतरता आई है और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। निगम का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को बेहतर नगर सेवाएं उपलब्ध कराना है।

अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश

आयुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की सक्रिय एवं उत्तरदायी भूमिका आवश्यक है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अपने कर्तव्यों की उपेक्षा करता है अथवा अनुशासनहीनता या अन्य अवांछित गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने बताया कि पूर्व में कार्य में लापरवाही के मामलों में संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी की जा चुकी है।

जनसहयोग से बनेगा स्वच्छ और सुंदर अजमेर

नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों को भरोसा दिलाया कि बेहतर सफाई व्यवस्था, नियमित कचरा संग्रहण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। निगम प्रशासन भविष्य में भी जनसेवा के प्रति पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।

साथ ही नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं, स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करें तथा सफाई संबंधी किसी भी समस्या की सूचना नगर निगम को दें, ताकि उसका त्वरित समाधान किया जा सके।

आयुक्त ने कहा कि जनसहयोग और नगर निगम के सतत प्रयासों से ही स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ अजमेर का सपना साकार किया जा सकता है।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *