ग्राम पंचायत घटियाली में आयोजित शिविर में वर्षों से लंबित भूमि बंटवारे के एक जटिल प्रकरण का आपसी सहमति से समाधान कर प्रशासन ने जनविश्वास को और मजबूत किया।
सफलता की कहानी-7
10-15 वर्षों पुराना भूमि बंटवारे का विवाद ग्रामीण सेवा शिविर में सुलझा
आपसी सहमति से सहखातेदारों के बीच हुआ बंटवारा, वर्षों की परेशानी का हुआ समाधान
राजस्थान सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत सावर की ग्राम पंचायत घटियाली में आयोजित शिविर में वर्षों से लंबित भूमि बंटवारे के एक जटिल प्रकरण का आपसी सहमति से समाधान कर प्रशासन ने जनविश्वास को और मजबूत किया।
ग्राम नाडी निवासी घीसालाल पुत्र देवीलाल माली एवं छोटुलाल पुत्र देवीलाल माली ने शिविर में उपस्थित होकर राजस्थान काश्तकारी अधिनियम, 1955 की धारा 53 के अंतर्गत आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि खसरा संख्या 742, 818, 819 एवं 806, कुल रकबा 1.39 हेक्टेयर खातेदारी कृषि भूमि के बंटवारे को लेकर पिछले 10 से 15 वर्षों से सहखातेदारों के बीच सहमति नहीं बन पा रही थी। इसके कारण खेती-बाड़ी, राजस्व अभिलेखों तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
शिविर में राजस्व कार्मिकों द्वारा सभी पक्षों को समझाइश दी गई, जिसके बाद सभी वर्तमान सहखातेदार आपसी सहमति से बंटवारे के लिए तैयार हो गए। शिविर प्रभारी अधिकारी श्री चन्द्रशेखर भण्डारी तथा तहसीलदार सावर श्री भगवती प्रसाद वैष्णव के निर्देशन में पटवारी एवं गिरदावर ने राजस्व अभिलेखों तथा मौके की स्थिति का परीक्षण कर पारस्परिक सहमति के आधार पर बंटवारे का प्रस्ताव तैयार किया।
तहसीलदार सावर ने प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करते हुए राजस्व अभिलेखों में अमलदराज की कार्यवाही भी सुनिश्चित कराई। इससे वर्षों से लंबित विवाद का स्थायी समाधान हो गया और सभी सहखातेदारों को उनकी हिस्सेदारी का स्पष्ट अधिकार प्राप्त हो गया। भूमि विभाजन की प्रक्रिया पूर्ण होने पर सभी सहखातेदारों ने राजस्थान सरकार, शिविर प्रभारी, तहसीलदार तथा राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।