जिला कलक्टर ने बारिश से क्षतिग्रस्त होने वाली सड़कों को मरम्मत करने के दिए निर्देश
अजमेर । जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। इसमें बारिश से क्षतिग्रस्त होने वाली सड़कों को मरम्मत करने के निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि आगामी दिनों में मानसून की बारिश के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो सकती है। इनमें अलग-अलग जगहों पर गढ्ढे़ होने की सम्भावना रहती है। ऐसे में सड़क की तत्काल मरम्मत करने की कोशिश करे। इससे सुगम यातायात सम्भव हो सकेगा। इसी प्रकार नालों की सुरक्षा दीवार भी सही होनी चाहिए। सिवरेज के मेनहॉल तथा फैरोकवर सही प्रकार से लगे होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज समस्त प्रकरणों को निस्तारित किया जाना चाहिए। शून्य पेंडिंग प्रकरण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए कार्य करें। पोर्टल पर प्राप्त होने वाली नई शिकायतें 30 दिन में निस्तारित हो जानी चाहिए। एमजेएमएस पोर्टल की पेन्डेंसी खत्म की जाए। प्रकरण बकाया रखने वाले अधिकारियों एवं कार्मिकों पर कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं से संबंधित जिला स्तर पर अपेक्षित कार्यवाही के बारे में जिला मुख्यालय से लगातार सम्पर्क में रहे। इन पर किए गए कार्यों में प्रगति को अपडेट करें। विभागीय अधिकारी बजट घोषणाओं पर आवश्यक कार्यवाही लगातार करते रहे। बारिश के दौरान राजकीय भवनों की छतों पर जलभराव रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाए। जर्जर विद्यालय भवनों का उपयोग नहीं करें।
पंच गौरव अभियान जिले की प्रमुख पहचानों को विस्तृत आयाम देने के लिए संचालित किया जा रहा है। इससे जुड़े विभागीय अधिकारी आगामी 5 वर्षों की कार्ययोजना बनाएंगे। गुलाब के प्रसंस्करण तथा मूल्य संवर्द्धन की दिशा में कार्य करे। गुलाब के रकबे में वृद्धि के लिए प्रयास किया जाए। एक जिला एक उत्पाद में मार्बल के क्षेत्र में व्यवसाय वृद्धि के लिए कार्य किया जाए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में आमजन से जुड़े प्रकरणों को शिविर अवधि में निस्तारित करना सुनिश्चित किया जाए। शिविर के दौरान बनाये गए पट्टे सहित अन्य दस्तावेज इस अवधि में ही वितरित होने चाहिए। शिविरों में विभागीय योजनाओं से लाभान्वित व्यक्तियों की संख्या बढ़ाए जाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामप्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. अभिषेक गोयल एवं नरेन्द्र कुमार मीणा सहित नगर निगम, एडीए, सार्वजनिक निर्माण, जलदाय, विद्युत, वन, उद्योग एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।