जगन्नाथ रथयात्रा में स्वच्छता और प्रतिबंधित प्लास्टिक पर रहेगी निगम की नजर, प्रसाद स्टॉल संचालकों को सख्त निर्देश

जगन्नाथ रथयात्रा में स्वच्छता और प्रतिबंधित प्लास्टिक पर रहेगी निगम की नजर, प्रसाद स्टॉल संचालकों को सख्त निर्देश
Spread the love

उदयपुर। भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने के लिए नगर निगम द्वारा विशेष निगरानी व्यवस्था की जाएगी। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने रथयात्रा मार्ग पर प्रसाद वितरण करने वाले धार्मिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और स्टॉल संचालकों से नियमों का पालन करने की अपील की है।

नगर निगम आयुक्त ने बताया कि 16 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में रथयात्रा मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में प्रसाद वितरण के दौरान प्लास्टिक कप, गिलास, प्लेट, चम्मच और सिंगल यूज प्लास्टिक कैरी बैग के उपयोग से कचरा बढ़ने के साथ पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।

उन्होंने सभी प्रसाद वितरण स्टॉल संचालकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का किसी भी स्थिति में उपयोग नहीं करें। इसके स्थान पर पत्तों से बने दोने, कागज अथवा कम्पोस्टेबल सामग्री से बने कप, गिलास और प्लेट का उपयोग किया जाए।

स्टॉलों पर रखना होगा कचरा संग्रहण की व्यवस्था

नगर निगम ने सभी स्टॉल संचालकों के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। प्रत्येक स्टॉल पर पर्याप्त क्षमता वाले डस्टबिन अथवा कम से कम 200 लीटर क्षमता के कचरा संग्रहण बैग रखना अनिवार्य होगा। श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि प्रसाद ग्रहण करने के बाद उपयोग की गई सामग्री को सड़क पर नहीं फेंके और निर्धारित कचरा पात्र में ही डालें।

निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। धार्मिक आयोजनों के दौरान स्वच्छता बनाए रखना पर्यावरण संरक्षण, सार्वजनिक स्वास्थ्य और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

सभी प्रसाद स्टॉलों की होगी निगरानी

नगर निगम द्वारा रथयात्रा मार्ग पर लगाए जाने वाले सभी प्रसाद वितरण स्टॉलों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई जाएगी। यदि किसी भी स्टॉल पर प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग पाया गया तो संबंधित सामग्री को जब्त कर पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियमों और राजस्थान सरकार के प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम ने आयोजकों और श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी के सामूहिक प्रयासों से भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकता है।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *