गुलाब बाग की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए निगम आयुक्त ने जारी किए नए दिशा-निर्देश
उदयपुर। शहर के ऐतिहासिक और प्रमुख पर्यटन स्थल गुलाब बाग उद्यान की व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों का उद्देश्य उद्यान की प्राकृतिक सुंदरता, पर्यावरण और सार्वजनिक संपत्ति का संरक्षण करते हुए नागरिकों एवं पर्यटकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि गुलाब बाग उदयपुर की पहचान और प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, मॉर्निंग वॉकर्स और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में उद्यान की गरिमा, स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सुबह 5 से रात 8 बजे तक रहेगा प्रवेश समय
जारी निर्देशों के अनुसार गुलाब बाग में भ्रमण का समय प्रतिदिन प्रातः 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक निर्धारित किया गया है। उद्यान परिसर में धूम्रपान, शराब सेवन और किसी भी प्रकार के नशे पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस को सूचना देकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कचरा फैलाने पर लगेगा जुर्माना
उद्यान की स्वच्छता बनाए रखने के लिए गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में डालना अनिवार्य किया गया है। परिसर में कचरा फैलाने वालों से नियमानुसार जुर्माना वसूला जाएगा। वहीं, उद्यान परिसर में दोपहिया और चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्व की तरह प्रतिबंधित रहेगा। केवल विशेष परिस्थितियों में लिखित अनुमति प्राप्त वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
खेल गतिविधियों और तोड़फोड़ पर रोक
नगर निगम ने उद्यान परिसर में क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बेसबॉल और बैडमिंटन जैसे खेल खेलने पर भी प्रतिबंध लगाया है। इसके अलावा पेड़ों से फल तोड़ना, पौधों से फूल तोड़ना, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और किसी भी प्रकार का अमर्यादित व्यवहार करना प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई की जाएगी।
जीव-जंतुओं और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान
निगम द्वारा जारी निर्देशों में उद्यान के पर्यावरण और जीव-जंतुओं के संरक्षण को भी प्राथमिकता दी गई है। पेड़ों के आसपास या परिसर में अनाज और खाद्य सामग्री डालने पर रोक लगाई गई है, क्योंकि इससे चूहों की संख्या बढ़ती है और पेड़ों व उद्यान को नुकसान पहुंचता है।
इसी प्रकार कुत्तों को भोजन खिलाने और बंदरों को केले अथवा अन्य खाद्य सामग्री देने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। हाथी पार्क स्थित झूलों का उपयोग केवल बच्चों के लिए निर्धारित रहेगा, जबकि वयस्कों द्वारा इनका उपयोग नहीं किया जा सकेगा।
नागरिकों से सहयोग की अपील
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने शहरवासियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे गुलाब बाग की स्वच्छता, हरियाली और सार्वजनिक संपत्ति के संरक्षण में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किसी भी नियम उल्लंघन, अवांछित गतिविधि या सहायता की आवश्यकता होने पर पुलिस अथवा नगर निगम के हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना दी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहभागिता से ही गुलाब बाग को स्वच्छ, सुरक्षित, अनुशासित और पर्यावरण अनुकूल पर्यटन स्थल के रूप में और अधिक विकसित किया जा सकेगा।