भाजपा में राजनीतिक नियुक्तियों की सुगबुगाहट तेज, नए चेहरों को भी मिल सकता है मौका
भाजपा में राजनीतिक नियुक्तियों की सुगबुगाहट तेज, नए चेहरों को भी मिल सकता है मौका
बोर्ड, आयोग, निगम और प्राधिकरणों में नियुक्तियों की उलटी गिनती शुरू, केंद्रीय नेतृत्व के पास पहुंचा संभावित नामों का पैनल
जयपुर। प्रदेश में विभिन्न बोर्ड, आयोग, निगम, प्राधिकरण, अकादमियों एवं समितियों में लंबे समय से लंबित राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार ने संभावित नामों का एक पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया है। अब इन नामों पर अंतिम सहमति बनने के बाद जल्द ही नियुक्तियों की घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक संभावित नामों के चयन में भाजपा संगठन की राय को भी विशेष महत्व दिया गया है। सूची तैयार करते समय क्षेत्रीय, सामाजिक और राजनीतिक संतुलन का ध्यान रखा गया है, ताकि सभी वर्गों और क्षेत्रों को उचित प्रतिनिधित्व मिल सके।
बताया जा रहा है कि इस सूची में उन नेताओं के नाम भी शामिल हैं, जिन्होंने हाल के वर्षों में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा है। साथ ही लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहकर विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने वाले नेताओं को भी अवसर मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है। चर्चा है कि इस बार कुछ नए चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।
गौरतलब है कि वर्तमान राज्य सरकार अब तक करीब 11 महत्वपूर्ण राजनीतिक नियुक्तियां कर चुकी है, जबकि कई बोर्ड, आयोग और निगमों के पद अभी भी रिक्त हैं। ऐसे में लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे नेताओं की निगाहें आगामी सूची पर टिकी हुई हैं।
राजस्थान की राजनीति में यह परंपरा रही है कि सरकार के ढाई से तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद राजनीतिक नियुक्तियों के माध्यम से संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जाता है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने भी अपने कार्यकाल में 70 से अधिक नेताओं को विभिन्न बोर्ड, आयोग, निगम, अकादमियों एवं अन्य संस्थानों में राजनीतिक नियुक्तियां दी थीं।
अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि भाजपा संगठन और सरकार जल्द ही इन लंबित नियुक्तियों पर अंतिम निर्णय लेकर नई सूची जारी कर सकती है