यमुना जल समझौते पर मिशन मोड में काम करने के निर्देश
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यमुना जल समझौते को लेकर जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि यह परियोजना शेखावाटी क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक एवं दूरगामी महत्व की है, इसलिए इसके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे फील्ड स्तर पर सक्रिय रहकर परियोजना को गति दें तथा एमओए (समझौता ज्ञापन) के अनुरूप सभी आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी करें। उन्होंने परियोजना के सफल संचालन के लिए आवश्यक मैनपावर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पहल से यमुना जल समझौता संभव हो सका है, जिससे प्रदेश के शेखावाटी क्षेत्र में जल उपलब्धता की दिशा में नए अवसर खुलेंगे।