नौ दिवसीय भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव आज से शुरू

नौ दिवसीय भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव आज से शुरू
Spread the love

शाम 5 बजे ऋषि घाटी से निकलेगी भव्य रथयात्रा, श्रद्धालु हाथों से खींचेंगे भगवान का रथ

अजमेर। भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव समिति एवं अग्रवाल पंचायत मारवाड़ी धड़ा, जनकपुरी गंज के संयुक्त तत्वावधान में 16 से 24 जुलाई तक आयोजित होने वाले नौ दिवसीय भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार से होगा। महोत्सव की शुरुआत भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा से होगी, जबकि आगामी दिनों में जनकपुरी गंज में प्रतिदिन कथा, भजन संध्या और विभिन्न धार्मिक आयोजन आयोजित किए जाएंगे।

गुरुवार सुबह 9 बजे नया बाजार स्थित चारभुजानाथ मंदिर में भगवान चारभुजानाथ के ध्वजारोहण एवं पूजा-अर्चना के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। इसके बाद शाम 5 बजे ऋषि घाटी स्थित जगन्नाथ मंदिर से गाजे-बाजे के साथ भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकलेगी। महाआरती के पश्चात श्रद्धालु अपने हाथों से भगवान का रथ खींचेंगे। रथ में भगवान जगन्नाथ के साथ भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा विराजमान रहेंगी।

रथयात्रा में श्री चारभुजानाथजी की चांदी की रेवाड़ी, जयपुर के गोविंददेवजी की आकर्षक झांकी सहित भगवान श्रीकृष्ण-राधा एवं अन्य धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

यह रहेगा रथयात्रा का मार्ग

रथयात्रा ऋषि घाटी स्थित जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर गंज, आगरा गेट, नया बाजार, चूड़ी बाजार, मदार गेट, नला बाजार, दरगाह बाजार और देहली गेट होते हुए जनकपुरी गंज पहुंचेगी।

नया बाजार चौपड़ पर होगी महाआरती

शाम 7:30 बजे नया बाजार चौपड़ पर स्थित चारभुजानाथ मंदिर के पुजारी भगवान जगन्नाथ की भव्य महाआरती करेंगे। नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया जाएगा। समिति के सभी पदाधिकारी विशेष पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे।

17 से 23 जुलाई तक प्रतिदिन कथा और भजन संध्या

जनकपुरी गंज में 17 से 23 जुलाई तक प्रतिदिन शाम 6:30 से 7 बजे तक पंडित हरीशचंद्र व्यास द्वारा भगवान जगन्नाथ महात्म्य की कथा का वाचन किया जाएगा। इसके उपरांत देशभर के प्रसिद्ध भजन कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

  • 17 जुलाई – कमलेश शर्मा, अंकिता शर्मा (फुलेरा) एवं आदित्य छीपा (जयपुर)
  • 18 जुलाई – ज्योति सैनी, अरुणा शर्मा (अजमेर) एवं अभि अनुज (भीलवाड़ा)
  • 19 जुलाई – अंजू शर्मा एवं गौतम शर्मा (जयपुर)
  • 20 जुलाई – सुनील जोशी, नेहा टेलर एवं महेश परमार (जयपुर)
  • 21 जुलाई – संजय परिहार एवं सपना सूफी गिल (दिल्ली)
  • 22 जुलाई – पूजा सिंह (कोटा) एवं अजय शर्मा (दौसा)
  • 23 जुलाई – रंगीला फाग महोत्सव में प्रिया शर्मा, विमल गर्ग एवं प्रवीण पारीक (जयपुर)

24 जुलाई को होगी भगवान की वापसी यात्रा

महोत्सव के समापन पर 24 जुलाई को शाम 5 बजे जनकपुरी गंज से महाआरती के बाद भगवान जगन्नाथ की वापसी रथयात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा गंज, आगरा गेट, नया बाजार, गोल प्याऊ, चूड़ी बाजार, मदार गेट, नला बाजार, दरगाह बाजार एवं देहली गेट होते हुए पुनः ऋषि घाटी स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचेगी।

श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं

जनकपुरी गंज में आयोजित कार्यक्रमों के लिए विशाल पंडाल तैयार किया गया है, जहां श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए परिसर में सीसीटीवी कैमरे एवं सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं।

अमृत स्नान के बाद 15 दिन रहे अज्ञातवास में भगवान

समिति के अनुसार 29 जून को देवस्नान पूर्णिमा पर भगवान जगन्नाथ का अमृत स्नान कराया गया था। धार्मिक मान्यता के अनुसार स्नान के बाद भगवान अस्वस्थ होकर 15 दिनों तक अज्ञातवास में रहते हैं, इस दौरान उन्हें औषधियां एवं काढ़ा अर्पित किया जाता है तथा भगवान साक्षी गोपाल की आरती होती है। अज्ञातवास पूर्ण होने के बाद आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के अवसर पर भगवान पुनः भक्तों को दर्शन देते हैं और नगर भ्रमण पर निकलते हैं। इसी परंपरा के तहत गुरुवार को भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी।

अटका प्रसाद का होगा वितरण

समिति ने बताया कि भगवान के स्वास्थ्य लाभ के उपरांत उन्हें अटका प्रसाद एवं अन्य पारंपरिक व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। रथयात्रा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को अटका प्रसाद वितरित किया जाएगा।

महोत्सव की तैयारियों में समिति अध्यक्ष संजय कंदोई, सचिव विनोद डीडवानिया, मेला संयोजक राकेश डीडवानिया एवं हरीश बंसल सहित अशोक गुजराती, लक्ष्मी नारायण बीकानेरी, प्रहलाद गर्ग, सुनील गोयल, पवन बंसल, आयुष गर्ग सहित समिति के अनेक पदाधिकारी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *