किशनगढ़ विधायक डॉ. विकास चौधरी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर क्षेत्र की 3 बड़ी समस्याओं के समाधान की उठाई पुरजोर मांग:
किशनगढ़ विधायक डॉ. विकास चौधरी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर क्षेत्र की 3 बड़ी समस्याओं के समाधान की उठाई पुरजोर मांग:
- किशनगढ़-हनुमानगढ़ मेगा हाईवे के खातोली मोड़ तक जर्जर सड़क सुधारने व स्थाई ड्रेनेज सिस्टम बनाने,
- मानसून सत्र में अजमेर व किशनगढ़ के जर्जर सरकारी स्कूल भवनों की त्वरित मरम्मत हेतु विशेष बजट देने, एवं
- राजकीय यज्ञनारायण जिला अस्पताल में पिछले 3 वर्षों से बंद सोनोग्राफी जांच के लिए तुरंत सोनोलॉजिस्ट लगाने की मांग।
जयपुर/किशनगढ़:
किशनगढ़ विधायक डॉ. विकास चौधरी ने आज राजधानी जयपुर में प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान विधायक चौधरी ने किशनगढ़ और पूरे अजमेर जिले से जुड़े तीन अत्यंत महत्वपूर्ण, संवेदनशील और ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की तथा मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपकर इन समस्याओं के त्वरित व ठोस समाधान का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द निस्तारण का भरोसा दिलाया।
मेगा हाईवे की बदहाली व ड्रेनेज निर्माण: विधायक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि किशनगढ़-हनुमानगढ़ मेगा हाईवे के खातोली मोड़ तक सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय व खस्ताहाल है। बरसात के पानी के प्राकृतिक बहाव क्षेत्रों और बरसाती नालों (आव) पर लंबे समय से हुए अवैध अतिक्रमण के कारण सड़क पर लगातार भारी जलभराव रहता है। इससे मार्बल व्यापारियों सहित आम जनता को रोजाना ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। डॉ. चौधरी ने मांग की कि जल बहाव क्षेत्र से तुरंत अतिक्रमण हटाकर एक स्थाई और मजबूत ड्रेनेज सिस्टम बनाया जाए और गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण करवाकर व्यापारियों व जनता को राहत प्रदान की जाए।
जर्जर सरकारी स्कूलों की मरम्मत और बच्चों की सुरक्षा: एक बेहद संवेदनशील विषय उठाते हुए विधायक ने बताया कि किशनगढ़ सहित पूरे अजमेर जिले के अधिकांश सरकारी स्कूलों के भवन पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। प्रदेश में मानसून का सीजन शुरू हो चुका है, ऐसे में इन टूटती छतों और असुरक्षित कमरों के साए में देश का भविष्य नौनिहाल पढ़ाई करने को मजबूर हैं। उन्होंने पिछले वर्ष झालावाड़ के पीपलोदी स्कूल हादसे का स्मरण कराते हुए शिक्षा विभाग की उदासीनता पर चिंता जताई और मांग की कि बिना किसी देरी के विशेष बजट जारी कर इन जर्जर स्कूलों की मरम्मत युद्ध स्तर पर करवाई जाए।
राजकीय यज्ञनारायण जिला अस्पताल में सोनोलॉजिस्ट डॉक्टर की नियुक्ति: चिकित्सा व्यवस्था में सुधार को लेकर विधायक ने मुख्यमंत्री के सामने बात रखी कि किशनगढ़ क्षेत्र का सबसे बड़ा राजकीय यज्ञनारायण जिला अस्पताल है, जहां 200 से अधिक गांवों और शहरी क्षेत्र के गरीब मरीज इलाज के लिए आते हैं। लेकिन बड़े खेद का विषय है कि पिछले 3 वर्षों से यहां सोनोग्राफी करने के लिए कोई रेडियोलॉजिस्ट/सोनोलॉजिस्ट चिकित्सक तैनात नहीं है। इसके कारण गरीब मरीजों को निजी क्लिनिकों पर मनमानी दरों पर सोनोग्राफी करानी पड़ रही है। आमजन को इस आर्थिक लूट और परेशानी से बचाने के लिए अस्पताल में तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति की जाए।
जनता का हित और सुरक्षा मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता: डॉ. विकास चौधरी
मुलाकात के बाद विधायक डॉ. विकास चौधरी ने कहा कि किशनगढ़ की देवतुल्य जनता के हक की लड़ाई और उनकी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। चाहे औद्योगिक क्षेत्र के विकास की बात हो, हमारे बच्चों की सुरक्षा हो या बेहतर चिकित्सा सुविधाएं—वे हर स्तर पर जनता की आवाज बुलंद करते रहेंगे। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा संवेदनशीलता दिखाते हुए आमजन से जुड़ी इन तीनों मांगों पर त्वरित संज्ञान लेकर क्षेत्रवासियों को जल्द ही बड़ी राहत प्रदान करेंगे।