पंचायत विकास योजना (पीडीपी) पर जिला स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
पंचायत विकास योजना (पीडीपी) पर जिला स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
अजमेर, 17 जुलाई। राजस्थान सरकार के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार शुक्रवार को जिला परिषद अजमेर के सभागार में पंचायत विकास योजना (पीडीपी) विषय पर एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में जिले की सभी 11 पंचायत समितियों के विकास अधिकारी, अतिरिक्त विकास अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारियों सहित ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग तथा विभिन्न विभागों के लगभग 50 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इनमें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, सांख्यिकी, योजना, कृषि, पशुपालन, तकनीकी, चिकित्सा, समाज कल्याण, शिक्षा, जलदाय, जल संसाधन, सार्वजनिक निर्माण, विद्युत, पुलिस, राजस्व, ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी शामिल रहे।
कार्यक्रम में सुरेश सिंधी (लोकपाल), बी.बी. रामजी, रेनू रुद्र (मुख्य योजना अधिकारी), अविनाश तायल (सहायक अभियंता), आनंद कुमार (विशेषज्ञ), श्री आसिफ (विशेषज्ञ) एवं कुमारी फिरदौस (विशेषज्ञ) ने पंचायत विकास योजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। विशेषज्ञों ने पीडीपी की तैयारियों, विभागीय समन्वय, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं ग्राम विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा योजना से संबंधित आवश्यक साहित्य एवं प्रशिक्षण सामग्री भी वितरित की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करते हुए पंचायत विकास योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन करें, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में समग्र एवं सतत विकास को गति मिल सके तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके।