गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, स्कूल में लगाए 30 फलदार पौधे

गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, स्कूल में लगाए 30 फलदार पौधे
Spread the love

गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, स्कूल में लगाए 30 फलदार पौधे
अजमेर। भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा की ओर से महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, नाका मदार में गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान भी चलाया गया।
परिषद के सचिव दीपक चोपड़ा ने बताया कि कार्यक्रम में विद्यालय के 12 छात्रों एवं 15 शिक्षकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य वक्ता एवं मुख्य अतिथि सुरेंद्र सिंह शेखावत ‘लाला बना’ ने पर्यावरण संरक्षण के लिए महाराणा प्रताप शाखा द्वारा चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना की। उन्होंने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा मां के नाम जरूर लगाए और इस अभियान से 10 अन्य लोगों को भी जोड़े।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र के साथ तुलसी के पौधे वितरित किए गए। पर्यावरण प्रमुख विभोर गर्ग की ओर से विद्यालय के प्रत्येक शिक्षक को गमले में लगा पौधा भेंट किया गया। इसके बाद विद्यालय परिसर में 30 फलदार पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर परिषद की ओर से घोषणा की गई कि लगाए गए 30 पौधों में से जब कोई पौधा बड़ा होकर फल देना शुरू करेगा तो परिषद द्वारा विद्यालय को 11 हजार रुपए का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इससे विद्यालय में पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों में जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।
समारोह की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती दीप्ति पंचोली ने की। विद्यालय परिवार की ओर से परिषद सदस्यों का माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के लिए आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में परिषद सदस्य लोकेश सोजतिया, चित्रेश लोढ़ा, नीता अग्रवाल, के.के. अग्रवाल, राकेश अजमेरा, सुरेश राठी, ओमप्रकाश देवानी, अंकुर गहलोत, विष्णु गोयल सहित अन्य सदस्य एवं विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *