चारागाह भूमि पर कब्जे को लेकर सरकार सख्त, 15 दिन में अतिक्रमण हटाओ वरना दर्ज होगी एफआईआर
चारागाह भूमि पर कब्जे को लेकर सरकार सख्त, 15 दिन में अतिक्रमण हटाओ वरना दर्ज होगी एफआईआर
जयपुर। पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने चारागाह भूमि पर किए गए अतिक्रमण को लेकर अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सोमवार को आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि चारागाह भूमि पर अतिक्रमण करने वालों को कब्जा हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया जाए। निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाने पर संबंधित अतिक्रमणकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कब्जा हटाने की कार्रवाई की जाए।
मंत्री दिलावर ने स्पष्ट किया कि चारागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए, ताकि आमजन को सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की जानकारी मिल सके।
बैठक में मंत्री ने घुमंतू परिवारों के मामलों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारों को पुनर्वास की उचित व्यवस्था किए बिना नहीं हटाया जाए।
इसके अलावा ग्राम पंचायतों में कार्यरत सुरक्षा गार्डों के लंबित भुगतान को भी शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक में राज्य मंत्री ओटाराम देवासी सहित पंचायती राज विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।