निकाय और पंचायती राज चुनाव: तैयारियों की समीक्षा, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान पर जोर

निकाय और पंचायती राज चुनाव: तैयारियों की समीक्षा, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान पर जोर
Spread the love

जयपुर, 6 अगस्त। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में सभी जिला निर्वाचन अधिकारी, पुलिस अधीक्षक और निर्वाचन कार्य से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता को निर्भीक होकर मतदान का अवसर मिले और आयोग के सभी दिशा-निर्देशों व कानूनी प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में मतदाता सूची के अद्यतन, मतदान केंद्रों की स्थापना, मतदान दलों के गठन, कार्मिकों के प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए।

निर्वाचन आयुक्त ने आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद उसकी प्रभावी पालना सुनिश्चित करने, मतदाताओं को प्रभावित करने के प्रयासों पर त्वरित कार्रवाई तथा निर्वाचन संबंधी शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर दिया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय, रैंप, व्हीलचेयर सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राजेश वर्मा ने आगामी चुनावों की तैयारियों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए निर्वाचन कार्यक्रम, कार्ययोजना, मतदाता सूची, कानून-व्यवस्था, आईटी आधारित मॉनिटरिंग और आयोग की प्रक्रियाओं की जानकारी दी। जिला कलेक्टरों ने भी अपने-अपने जिलों की तैयारियों की प्रगति और सामने आ रही चुनौतियों से आयोग को अवगत कराया, जिस पर राज्य निर्वाचन आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *