13 अगस्त को खुलेगा आरक्षण का पिटारा: मेयर-सभापति-चेयरमैन और जिला प्रमुखों की लॉटरी

13 अगस्त को खुलेगा आरक्षण का पिटारा: मेयर-सभापति-चेयरमैन और जिला प्रमुखों की लॉटरी
Spread the love

नगरीय निकायों के प्रमुख पदों की लॉटरी सुबह 10:30 बजे, 41 जिला प्रमुखों का आरक्षण दोपहर 3:15 बजे होगा तय

जयपुर, प्रतीक पाराशर । राजस्थान में आगामी नगरीय निकाय और पंचायती राज चुनाव को लेकर आरक्षण की प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। 13 अगस्त को प्रदेश में दो बड़ी आरक्षण लॉटरी होंगी। सुबह 10:30 बजे नगरीय निकायों के मेयर, सभापति और चेयरमैन पदों का आरक्षण तय किया जाएगा, जबकि दोपहर 3:15 बजे प्रदेश के सभी 41 जिला परिषदों के जिला प्रमुख पदों के लिए आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी।

नगरीय निकायों के प्रमुख पदों की लॉटरी स्वायत्त शासन निदेशालय के सभागार में सुबह 10:30 बजे होगी। इसके लिए प्रदेश की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों को लॉटरी की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए पत्र भेजे गए हैं। लॉटरी के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि प्रदेश की विभिन्न नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में मेयर, सभापति और चेयरमैन के पद किस वर्ग के लिए आरक्षित होंगे।

प्रदेश में कुल 309 नगरीय निकायों में आगामी चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में प्रमुख पदों के आरक्षण की यह प्रक्रिया राजनीतिक दलों और चुनाव की तैयारी कर रहे संभावित दावेदारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

41 जिला प्रमुखों के आरक्षण की लॉटरी भी 13 अगस्त को

पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के तहत प्रदेश के सभी 41 जिला प्रमुख पदों के आरक्षण की लॉटरी भी 13 अगस्त को ही निकाली जाएगी। यह प्रक्रिया दोपहर 3:15 बजे इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान, जेएलएन मार्ग, जयपुर के सभागार में होगी।

राजस्थान पंचायती राज अधिनियम, 1994 और इसके तहत बनाए गए नियमों के अनुसार जिला प्रमुख पदों पर आरक्षण की श्रेणीवार स्थिति लॉटरी के माध्यम से तय की जाएगी। इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी उपस्थित रहने का अवसर दिया गया है।

इस लॉटरी के बाद यह तस्वीर साफ होगी कि प्रदेश के 41 जिला परिषदों में जिला प्रमुख का पद किस आरक्षित श्रेणी के लिए रहेगा। इसका सीधा असर जिला स्तर पर चुनावी दावेदारों की रणनीति पर पड़ेगा।

15 से 17 अगस्त के बीच कलेक्ट्री में वार्डों की लॉटरी

नगरीय निकायों के वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया भी अगले सप्ताह पूरी होने की संभावना है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार 15 से 17 अगस्त के बीच जिलों में वार्डों की आरक्षण लॉटरी निकाली जा सकती है।

यह लॉटरी जिला मुख्यालयों पर कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित होगी। इसमें नगर निकायों के वार्डों में एससी, एसटी, ओबीसी और महिला वर्ग के आरक्षण का निर्धारण लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

वार्डों का आरक्षण सामने आने के बाद चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे संभावित उम्मीदवारों के समीकरण भी बदल सकते हैं। जिन वार्डों में दावेदारों का आरक्षण के अनुसार दावा मजबूत होगा, वहां चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

13 अगस्त के बाद साफ होगी चुनावी तस्वीर

13 अगस्त को मेयर, सभापति और चेयरमैन के पदों के आरक्षण तथा जिला प्रमुखों के आरक्षण की स्थिति सामने आने के बाद स्थानीय चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। इसके बाद 15 से 17 अगस्त के बीच वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने पर नगर निकाय चुनाव की तस्वीर और स्पष्ट हो जाएगी।

राजनीतिक दलों के साथ-साथ संभावित उम्मीदवार भी आरक्षण की स्थिति के आधार पर अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं। प्रमुख पदों और वार्डों का आरक्षण तय होने के बाद टिकट के दावेदारों की सक्रियता भी बढ़ने की संभावना है।

18 या 19 अगस्त को निकाय चुनाव कार्यक्रम के संकेत

राज्य में 309 नगरीय निकायों के चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से 18 या 19 अगस्त के आसपास चुनाव कार्यक्रम जारी किए जाने के संकेत मिल रहे हैं। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो सकती है।

वहीं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव का कार्यक्रम सितंबर के दूसरे सप्ताह में जारी किए जाने के संकेत हैं। इससे पहले जिला प्रमुख सहित पंचायती राज संस्थाओं के विभिन्न पदों के आरक्षण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

13 अगस्त इसलिए खास

  • सुबह 10:30 बजे: नगर निगम मेयर, नगर परिषद सभापति और नगर पालिका चेयरमैन पदों की आरक्षण लॉटरी।
  • दोपहर 3:15 बजे: प्रदेश के 41 जिला परिषदों के जिला प्रमुख पदों की आरक्षण लॉटरी।
  • 15 से 17 अगस्त: नगरीय निकायों के वार्डों की आरक्षण लॉटरी संभावित।
  • 18 या 19 अगस्त: नगरीय निकाय चुनाव कार्यक्रम जारी होने के संकेत।
  • सितंबर का दूसरा सप्ताह: पंचायती राज चुनाव कार्यक्रम जारी होने की संभावना।

आरक्षण की इन प्रक्रियाओं के पूरा होने के साथ राजस्थान में आगामी नगरीय निकाय और पंचायती राज चुनावों की तैयारियां निर्णायक दौर में प्रवेश कर जाएंगी।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *