अखिल भारत हिन्दू क्रान्ति सेना द्वारा ‘घर-घर गंगाजल अभियान’ का भव्य विमोचन धार्मिक एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में संत समाज, सामाजिक कार्यकर्ता, संगठन पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।
‘घर-घर गंगाजल अभियान’ का भव्य विमोचन
सनातन संस्कृति और मां गंगा की पवित्रता को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
ब्यावर। अखिल भारत हिन्दू क्रान्ति सेना द्वारा ‘घर-घर गंगाजल अभियान’ का भव्य विमोचन धार्मिक एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में संत समाज, सामाजिक कार्यकर्ता, संगठन पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय संरक्षक भंवर सिंह पलाड़ा, राष्ट्रीय अध्यक्ष आनन्द सोनी, विधायक शंकर सिंह रावत, निवर्तमान सभापति नरेश कनौजिया, सेवानिवृत्त एडिशनल एसपी नेम सिंह, हिन्दू हेल्पलाइन प्रांत प्रमुख मुकेश सोनी सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि मां गंगा भारतीय संस्कृति की आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक हैं। गंगाजल का जन्म से लेकर अंतिम संस्कार तक विशेष महत्व रहा है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत की गई है।
अभियान संयोजक नाहर सिंह चुंडावत ने बताया कि प्रथम चरण में मठ-मंदिरों तक गंगाजल पहुंचाया जाएगा, इसके बाद इसे घर-घर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल वितरण नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार का माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने अभियान को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। अंत में मां गंगा के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।