नसीराबाद: कुराडी गांव में आम रास्ते और चारागाह पर अतिक्रमण, ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
नसीराबाद: कुराडी गांव में आम रास्ते और चारागाह पर अतिक्रमण, ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
नसीराबाद उपखंड के ग्राम कुराडी में मेरू जी के स्थान से चांदसेन जाने वाले आम रास्ते, सिवायचक और चारागाह भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने शुक्रवार 14-08-2026 को उपखंड अधिकारी नसीराबाद को ज्ञापन देकर अतिक्रमण हटवाने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि किशना पुत्र देवा गुर्जर, घीसाल पुत्र किशना गुर्जर, छोटू पुत्र मादू गुर्जर, वीरम पुत्र कल्याण गुर्जर, गुमान पुत्र कल्याण गुर्जर, पवन पुत्र लालाराम गुर्जर और निवासीगण कुराडी ने जबरन आम रास्ते व चारागाह भूमि पर कब्जा कर लिया है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि उक्त रास्ते का उपयोग गांव के लोग वर्षों से अपने घरों तक आने-जाने और पशुओं को चराने के लिए करते आ रहे हैं। लेकिन अब अतिक्रमियों द्वारा ग्रामीणों को रास्ते से रोकने के साथ-साथ गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पशुपालकों में इस वजह से भय का माहौल है।
ग्रामीणों ने 14 अगस्त को अतिक्रमियों को समझाने का प्रयास किया तो वे उल्टा धमकी देने लगे कि शिकायत करने पर अंजाम बुरा होगा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। इसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर आम रास्ते, चारागाह और सिवायचक भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाकर आम ग्रामीणों और पशुपालकों को राहत दी जाए।
ज्ञापन पर बड़ी संख्या में कुराडी के ग्रामीणों के हस्ताक्षर और अंगूठे लगे हुए हैं।