नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस कीएकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान, मजबूत कांग्रेस बोर्ड बनाने का संकल्प
नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस की
एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान, मजबूत कांग्रेस बोर्ड बनाने का संकल्प
नसीराबाद। (अनिल लोहरे)नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस की संगठनात्मक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कांग्रेस की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई, जिसमें वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं वार्डवार दावेदारों ने भाग लिया।
बैठक में विधानसभा प्रभारी मोहम्मद इकबाल, नसीराबाद कांग्रेस प्रत्याशी शिव प्रकाश गुर्जर, पूर्व विधायक रामनारायण गुर्जर, पूर्व विधायक महेंद्र सिंह गुर्जर, श्रीनगर ब्लॉक अध्यक्ष संपत सिंह राठौड़, जिला उपाध्यक्ष अजय गौड़ एवं नगर अध्यक्ष योगेश परिहार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान विधानसभा प्रभारी मोहम्मद इकबाल ने वार्डवार कार्यकर्ताओं एवं दावेदारों से संवाद करते हुए नगर पालिका चुनाव के लिए आवेदन प्राप्त किए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाने तथा आपसी एकजुटता के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
इकबाल ने कहा कि पार्टी संगठन द्वारा सभी दावेदारों में से योग्य एवं मजबूत कार्यकर्ता का चयन कर टिकट दिया जाएगा। जिसे भी पार्टी का टिकट मिले, सभी कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर पूरी एकजुटता के साथ कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य नसीराबाद नगर पालिका में मजबूत एवं जनहितैषी कांग्रेस बोर्ड का गठन करना है।
बैठक में वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आगामी नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस को विजय दिलाने के लिए पूरी एकजुटता से कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक के अंत में नगर अध्यक्ष योगेश परिहार ने उपस्थित वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सभी दावेदारों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।