वन महोत्सव 2026 : प्रभारी सचिव नीरज के. पवन ने पाटन में किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
वन महोत्सव 2026 : प्रभारी सचिव नीरज के. पवन ने पाटन में किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
अजमेर। राजस्थान सरकार के वन महोत्सव 2026 अभियान के अंतर्गत अजमेर जिले के प्रभारी सचिव नीरज के. पवन ने आज गुरूवार को एक दिवसीय अजमेर प्रवास के दौरान किशनगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत पाटन में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाकर उन्हें संरक्षित करने का आह्वान किया तथा कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन के लिए ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं।
प्रभारी सचिव नीरज के. पवन ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित “एक पेड़ मां के नाम” अभियान जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बन चुका है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों जैसे जन्मदिन, विवाह, विवाह वर्षगांठ, पुण्यतिथि, बच्चों के जन्मोत्सव तथा अन्य पारिवारिक और सामाजिक आयोजनों को यादगार बनाने के लिए पौधारोपण अवश्य करें। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन के विशेष अवसर पर एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो प्रदेश में हरित क्षेत्र का विस्तार तेजी से होगा और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय चुनौतियों के दौर में वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। पौधारोपण के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्रामीणों से लगाए गए पौधों को जीवित रखने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
ईस दौरान सीईओ जिला परिषद राम प्रकाश अतिरिक्त जिला कलेक्टर अभिषेक गोयल, उपखण्ड अधिकारी किशनगढ़, एसीईओ जिला परिषद दिशी शर्मा, किशनगढ़ विकास अधिकारी रेखा मीणा, जिला परिषद कै वीबीराम जी योजना प्रभारी गोपाल गर्ग सहित अधिकारी मोजूद रहे