भीलवाड़ा में CM भजनलाल शर्मा का रोड शो, हजारों की भीड़ ने किया जोरदार स्वागत

भीलवाड़ा में CM भजनलाल शर्मा का रोड शो, हजारों की भीड़ ने किया जोरदार स्वागत
Spread the love

भीलवाड़ा। नगर निगम चुनाव को लेकर भीलवाड़ा में भाजपा का चुनावी प्रचार चरम पर पहुंच गया है। भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो में बड़ी संख्या में लोग उमड़ रहे हैं। रोड शो के दौरान जगह-जगह मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते नजर आए।

दूधाधारी मंदिर में की पूजा-अर्चना

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने रोड शो की शुरुआत से पहले सांगानेरी गेट स्थित दूधाधारी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा करवाई। इस दौरान सांसद दामोदर अग्रवाल भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री रोड शो के लिए रवाना हुए। दूधाधारी मंदिर से शुरू हुए रोड शो में पूरा मार्ग भाजपा के झंडों और कार्यकर्ताओं से नजर आया। जगह-जगह ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। नेहरू रोड पर भी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

हेलीपैड पर भाजपा नेताओं ने किया स्वागत

मुख्यमंत्री निर्धारित कार्यक्रम से करीब एक घंटे की देरी से पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पहुंचे। यहां सांसद दामोदर अग्रवाल, पूर्व सांसद सुभाष बेड़िया, लालचंद कटारिया, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, पूर्व विधायक विठ्ठल शंकर अवस्थी, विधायक अशोक कोठारी सहित जिलेभर के विधायक और भाजपा नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

मुख्यमंत्री का रोड शो दूधाधारी मंदिर से बड़ा मंदिर, सराफा बाजार होते हुए भीमगंज थाना तक प्रस्तावित है। नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में निकाला जा रहा यह रोड शो पार्टी के बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं। रोड शो के पूरे रूट पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

इसके अलावा भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री के कार्यकर्ताओं से संवाद कार्यक्रम को लेकर भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा कारणों से निर्धारित लोगों को ही कार्यक्रम में प्रवेश दिए जाने की व्यवस्था की गई है।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *