पंचायतीराज चुनाव : आरक्षण की लॉटरी आज और कलअजमेर जिला परिषद के 33 वार्डों सहित 10 पंचायत समितियों के प्रधान एवं सदस्य पदों का आरक्षण होगा तय
पंचायतीराज चुनाव : आरक्षण की लॉटरी आज और कल
अजमेर जिला परिषद के 33 वार्डों सहित 10 पंचायत समितियों के प्रधान एवं सदस्य पदों का आरक्षण होगा तय
अजमेर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों के बीच अजमेर जिले में जिला परिषद एवं पंचायत समितियों के वार्डों के आरक्षण की लॉटरी आज और कल निकाली जाएगी। आरक्षण की लॉटरी के साथ ही जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए विभिन्न श्रेणियों में आरक्षित पदों की स्थिति स्पष्ट होगी। इससे चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे संभावित उम्मीदवारों की निगाहें आरक्षण प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।
अजमेर जिला परिषद के कुल 33 सदस्य पदों के लिए आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी। इनमें 20 पद अनारक्षित, 6 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), 6 पद अनुसूचित जाति (एससी) तथा 1 पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए निर्धारित है। लॉटरी के माध्यम से इन श्रेणियों के लिए वार्डों का आवंटन किया जाएगा।
इसी प्रकार जिले की 10 पंचायत समितियों में प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के आरक्षण की प्रक्रिया भी होगी। पंचायत समिति स्तर पर 6 अनारक्षित, 2 ओबीसी तथा 2 एससी श्रेणी के लिए आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी।
आरक्षण की लॉटरी के बाद यह तस्वीर साफ हो जाएगी कि जिला परिषद एवं पंचायत समितियों के कौन-कौन से वार्ड विभिन्न आरक्षित श्रेणियों में शामिल होंगे। इसके साथ ही पंचायतीराज चुनाव में अपनी दावेदारी की तैयारी कर रहे नेताओं और संभावित प्रत्याशियों की चुनावी रणनीति भी आरक्षण के अनुरूप आकार लेने लगेगी।