विकसित भारत जन सेवा अभियानउप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति में शिविर का किया अवलोकनलाभार्थियों को वितरित किए दस्तावेज
विकसित भारत जन सेवा अभियान
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति में शिविर का किया अवलोकन
लाभार्थियों को वितरित किए दस्तावेज
अजमेर, 24 सितंबर। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी गुरूवार को अजमेर जिले के दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति परिसर में आयोजित विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत आयोजित विशेष शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में आमजन को मिल रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने शिविर की प्रगति से अवगत कराया।
शिविर के दौरान उप मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देते हुए मंगला पशु बीमा योजना के लाभार्थियों को लाभ प्रदान किए। उन्होंने पात्र महिलाओं को योजनाओं के तहत स्वीकृति पत्र सौंपे और राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में संवाद कर लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने का कार्य कर रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य किये जा रहे हैं ताकि हर गांव और ढाणी को मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले किसी भी व्यक्ति को परेशानी न हो और उनकी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाए।
उन्होंने शिविर में विभिन्न विभागों के द्वारा स्थापित काउन्टर पर जाकर शिविर की प्रगति के सम्बन्ध में जानकारी ली। विभागीय अधिकारियों ने प्रगति से अवगत कराया। मंगला पशु बीमा योजना की लाभार्थी श्रीमती ग्यारसी तथा श्रीमती सीता को पॉलिसी वितरित की गई। इसी प्रकार बालिका शिवानी रावत की दिव्यांगता पेंशन मौके पर ही जारी की गई।
इस अवसर पर श्री देव नारायण बोर्ड के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश भडाणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री प्रवीण कुमार, सहायक कलक्टर सुश्री दिव्या सोनी, उपखण्ड अधिकरी श्रीमती पदमा देवी, तहसीलदार श्री ओम सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सरिता गैना सहित ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शिवानी को जारी हुई मौके पर ही पेंशन
पंचायत समिति अजमेर ग्रामीण में आयोजित विकसित भारत जन सेवा अभियान के दौरान शिवानी रावत को तत्काल दिव्यांग पेंशन का स्वीकृति आदेश पीपीओ आदेश जारी किया गया। लाभार्थी के पिता श्री कान सिंह रावत ने बताया कि उनकी पुत्री 4 साल की है। वह 100 प्रतिशत बधिर दिव्यांग है। इसकी बायोमैट्रिक नहीं होने के कारण 4 माह से ई-मित्र के चक्कर लगा रहे थे। कैम्प में पेंशन का आवेदन करने के साथ पेंशन स्वीकृत भी की गई है। इसके लिए श्री कान सिंह ने राजस्थान सरकार ओर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग का आभार व्यक्त किया है।