जल स्वावलंबन पखवाड़ा बैठक सम्पन्न कार्मिकों ने लिया संकल्प
जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खडगावत की अध्यक्षता में मंगलवार को “जल स्वावलंबन पखवाड़ा” (5 से 20 जून) के सफल संचालन हेतु अधिकारियों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में “वंदे गंगा – जल संरक्षण महाभियान” के अंतर्गत विभागवार प्रस्तावित गतिविधियों को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में डॉ. खडगावत ने कहा कि यह पखवाड़ा गंगा दशमी, विश्व पर्यावरण दिवस, निर्जला एकादशी जैसे विशेष अवसरों के साथ जुड़ा हुआ है, इसलिए इसे जल संरक्षण के लिए जनआंदोलन का रूप दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए ताकि जल संरक्षण की जागरूकता समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।
उन्होंने बताया कि 4 जून को शाम को एक रैली का आयोजन किया जाएगा, जो कलेक्ट्रेट से चांग गेट तक निकाली जाएगी। यह रैली जनजागरूकता के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है, जिसमें सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और आमजन भाग लेंगे।
बैठक के अंत में उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने जल संरक्षण के लिए संकल्प लिया और पखवाड़ा अवधि में सक्रिय भागीदारी का विश्वास दिलाया।
डॉ. खडगावत ने जिलेवासियों से भी अपील की कि वे इस पखवाड़े के दौरान आयोजित गतिविधियों में रुचि लेकर भाग लें और जल संरक्षण के इस महाअभियान को सफल बनाएं। अतिरिक्त ज़िला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया उपखंड अधिकारी दिव्यांश सिंह एसीईओ गोपाल लाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।