भाजपा ने छीनी कांग्रेस से पंचायत समिति की सीट
Ajmer News | किशनगढ़ |
भारतीय जनता पार्टी को अजमेर जिले की किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अकोदिया पंचायत समिति सदस्य के उपचुनाव में बड़ी सफलता मिली है। आज सम्पन्न हुए मतदान की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी अमरी देवी ने कांग्रेस प्रत्याशी को लगभग 160 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही क्षेत्र में भाजपा की जनस्वीकृति को एक बार फिर से पुष्टि मिली है।
भाजपा शहर जिला अध्यक्ष रमेश सोनी ने जीत पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि, “यह विजय डबल इंजन की सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और सांस्कृतिक विरासतों को संजोने के प्रयासों पर जनता की मोहर है।” उन्होंने आगे कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में जो कार्य हुए हैं, उन्होंने भारत को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान दिलाई है।
अध्यक्ष सोनी ने बताया कि मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने और तीसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा देशभर में ‘संकल्प से सिद्धि तक’ नामक विशेष जनसंपर्क अभियान चला रही है। इस अभियान के अंतर्गत भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देंगे।
आगामी कार्यक्रमों की प्रमुख रूपरेखा:
- 15 से 20 जून के बीच मंडल स्तर पर योग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
- 6 जुलाई तक विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
- 23 जून को जनसंघ संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर विशेष आयोजन होंगे।
- 6 जुलाई को उनकी जयंती पर भी विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।
- 25 जून को आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया जाएगा।
बीजेपी में गिनाई मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियां:
- पीएम आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक शहरी और ग्रामीण आवासों का निर्माण।
- ₹12.75 लाख तक की आय पर जीरो टैक्स की व्यवस्था।
- अनुच्छेद 370 का निरस्तीकरण, जिससे जम्मू-कश्मीर में विकास की नई राहें खुलीं।
- तीन तलाक कानून से मुस्लिम महिलाओं को कानूनी सुरक्षा।
- राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ — पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों को तीन बार सर्जिकल और एयर स्ट्राइक द्वारा करारा जवाब।
- अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के माध्यम से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा।
- सांस्कृतिक विरासतों का जीर्णोद्धार और संरक्षण, जिससे राष्ट्र की आत्मा को मजबूती मिली।
भाजपा के अनुसार, यह जनसंपर्क अभियान एक राष्ट्रीय मिशन है, जो पार्टी के संगठनात्मक मजबूती और जनसमर्थन को और सशक्त करेगा। अकोदिया पंचायत उपचुनाव की जीत इस दिशा में एक उत्साहवर्धक संकेत है, जो आगामी चुनावों के लिए भाजपा के पक्ष में वातावरण निर्माण करेगा।