श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव में मेहंदी उत्सव रहेगा आकर्षण,26 को आयोजन
अजमेर।
श्री अग्रवाल पंचायत मारवाड़ी घड़ा द्वारा आयोजित श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव इस वर्ष कई नई विशेषताओं के साथ मनाया जाएगा। पहली बार इस आयोजन में भगवान श्री जगन्नाथ के मेहंदी उत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जो 26 जून को सम्पन्न होगा। इस कार्यक्रम में अग्रवाल समाज की महिलाएं उत्साहपूर्वक भाग लेंगी।
महोत्सव की भव्य रथयात्रा 27 जून को श्री जगन्नाथ मंदिर, ऋषि घाटी से सायं 5:30 बजे नगर भ्रमण के लिए रवाना होगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए जनकपुरी गंज पहुंचेगी। वहीं ठाकुरजी को विराजमान किया जाएगा।
धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला: कथा, भजन व फाग महोत्सव
महोत्सव के अंतर्गत 28, 29 और 30 जून को श्री श्याम कथा का आयोजन होगा, जिसमें वाचन मथुरा के पुरुषोत्तम बृजवासी द्वारा किया जाएगा।
1 जुलाई को जयपुर के अमित नामा भजन प्रस्तुत करेंगे।
2 जुलाई को रींगस के संतोष व्यास भगवान जगन्नाथ के भजन प्रस्तुत करेंगे।
3 जुलाई को ब्यावर के दीपांशु अग्रवाल ‘एक शाम राधा रानी के नाम’ कार्यक्रम में भजन पेश करेंगे।
4 जुलाई को बाबा श्याम के साथ फाग महोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें जयपुर की किरण शर्मा और विमल गर्ग भजनों की प्रस्तुति देंगे।
अटका प्रसाद और समापन यात्रा
पूरे 10 दिवसीय महोत्सव के दौरान प्रतिदिन भगवान का अटका प्रसाद वितरित किया जाएगा।
5 जुलाई को शाम 5:30 बजे जनकपुरी गंज से भगवान श्री जगन्नाथ नगर भ्रमण करते हुए निज मंदिर में वापस लौटेंगे।
इस महोत्सव की तैयारियों में समिति अध्यक्ष संजय कंदोई के साथ तीनों मेला संयोजक हरीश बंसल, विनोद डीडवानिया व राकेश डीडवानिया सहित कार्यकारिणी सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।