सिटी लॉजिस्टिक्स प्लान को लेकर बैठक आयोजितसमयबद्ध रूप में प्रस्ताव तैयार कर भिजवाएं- जिला कलक्टरसिटी लॉजिस्टिक्स कमेटी का होगा गठन
सिटी लॉजिस्टिक्स प्लान को लेकर बैठक आयोजित
समयबद्ध रूप में प्रस्ताव तैयार कर भिजवाएं- जिला कलक्टर
सिटी लॉजिस्टिक्स कमेटी का होगा गठन
अजमेर, । भारत सरकार के उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग द्वारा देश के 50 शहरों को सिटी लॉजिस्टिक्स प्लान के लिए चिन्हित किया गया है। इसमें राज्य से जयपुर, अजमेर और कोटा को शामिल किया गया है। टियर 2 और टियर 3 शहरों के लिए सिटी लॉजिस्टिक्स प्लान तैयार करने की प्रक्रिया के लिए शुक्रवार को अजमेर के प्लान की तैयारियों के संबंध में जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। इस प्लान से शहरों में माल परिवहन को सुगम, सुरक्षित, पर्यावरण के अनुकूल और कम लागत वाला बनाया जाएगा।
श्री लोक बन्धु ने कहा कि जिले के लिए सीएलपी तैयार करने के लिए अजमेर विकास प्राधिकरण को नोडल एजेंसी बनाया गया है। साथ ही सिटी लॉजिस्टिक्स कमेटी का गठन भी किया जाएगा। इसमें यातायात पुलिस, नगर निगम, परिवहन, उद्योग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, योजना विभाग, निजी लॉजिस्टिक कंपनियों, ई-कॉमर्स प्रतिनिधियों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने संबंधित अधिकारियों को विस्तृत सर्वे कराने, शहर में वर्तमान फ्रेट मूवमेंट, औद्योगिक क्षेत्रों, फ्रेट कॉरिडोर, मैन्युफैक्चरिंग हब्स, आउटर रिंग रोड, पार्किंग स्थलों, ट्रैफिक डायवर्जन क्षेत्रों और बॉटल नेक पॉइंट्स की पहचान करने को निर्देशित किया। इसके लिए केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान की तकनीकी सहायता ली जाएगी। श्री लोक बन्धु ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने क्षेत्र से संबंधित प्रस्ताव एक सप्ताह के भीतर तैयार कर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। इससे उन्हें समेकित कर 15 अगस्त तक एक विस्तृत प्रारंभिक योजना तैयार की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि प्लान के तहत अजमेर शहर के 80 वार्डों में यातायात और माल वाहन संचालन से जुड़ा डाटा, ट्रैफिक पुलिस से दुर्घटना क्षेत्र, पंजीकृत वाहनों का विवरण, प्रदूषण स्तर, ट्रक यूनियनों और ड्राइवरों की सहभागिता जैसे पहलुओं का अध्ययन कर यथार्थपरक समाधान तैयार किया जाएगा।उन्होंने कहा कि कि सीएलपी को व्यापक बनाते हुए इसमें कॉम्प्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान को भी समाहित किया जा सकता है। इससे शहरी परिवहन और लॉजिस्टिक्स की योजनाएं आपस में जुड़ सकेगी। बैठक में केन्द्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान के तकनीकी अधिकारी श्री नीरज प्रजापति एवं श्री विजय कुमार ने शहर की भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता बताई। इस अवसर पर अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त श्रीमती नित्या के., नगर निगम के आयुक्त श्री देशल दान, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़, ज्योति ककवानी, उपखण्ड अधिकारी श्रीमती पदमा देवी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।