संत महापुरुषों का जीवन सदैव समाज को मार्गदर्शन देने वाला होता है : जल संसाधन मंत्री रावत
संत महापुरुषों का जीवन सदैव समाज को मार्गदर्शन देने वाला होता है : जल संसाधन मंत्री रावत
राजस्थान के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने आज सोमवार को ग्राम तेडवा की ढाणी (जसनगर) बबायचा में आयोजित श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी संतोष दास महाराज के चरण स्थापना कार्यक्रम में सहभागिता कर दिव्य सान्निध्य प्राप्त किया।
रावत ने कहा कि स्वामी संतोष दास जी महाराज के ब्रह्मलीन होने के पश्चात उनके पावन चरणों की स्थापना का यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का अनूठा संगम है। ऐसे संत महापुरुषों का जीवन सदैव समाज को मार्गदर्शन देने वाला होता है, जिनकी शिक्षाएँ और उपदेश युगों तक जनमानस को आलोकित करते हैं।
इस अवसर पर विधि-विधान और परम्परागत रीति-रिवाजों के साथ स्वामी बालकदास महाराज का चादर दस्तूर कार्यक्रम भी सम्पन्न हुआ। चादर दस्तूर गुरु-शिष्य परंपरा की वह महत्वपूर्ण विधि है, जिसमें उत्तराधिकारी शिष्य को गुरु की गद्दी एवं सम्पूर्ण आध्यात्मिक दायित्व औपचारिक रूप से सौंपे जाते हैं। इस अनुष्ठान के माध्यम से बालकदास महाराज ने गुरु परंपरा के नए अध्याय का शुभारंभ किया।
मंत्री रावत ने कहा कि संत परंपरा भारतीय संस्कृति की आत्मा है। संत समाज के आशीर्वाद से ही समाज में शांति, सद्भावना एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रवाह सतत बना रहता है। उन्होंने स्वामी श्री बालकदास जी महाराज को नूतन दायित्व की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके दीर्घ और कल्याणकारी संत जीवन की मंगलकामना की।
इस पावन आयोजन में देशभर से पधारे संत-महात्मा, श्रद्धालुजन एवं स्थानीय ग्रामवासियों की भारी उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की।
अजमेर जिला देहात अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, अजमेर देहात जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष अर्जुन नालियां, सिलोरा प्रधान रामचंद्र थाकन, नरवर मंडल अध्यक्ष बद्री गुर्जर, पूर्व नरवर मंडल अध्यक्ष गजेंद्र गोस्वामी, बबाईचा सरपंच हरिकिशन गुर्जर, पूर्व सरपंच नटवर सिंह शेखावत, पूर्व सरपंच राजाराम गोयल, रामजी गुर्जर, रामलाल बजाड, छोटू गुर्जर आदि कार्यक्रम में मंत्री रावत के साथ थे।