शाहपुरा में ढाई घंटे में 3 इंच बरसी आफत की बरसात।
आसमान से बरसी आफत की बारिश।
ढाई घंटे में 3 इंच बारिश, बाढ़ जैसे हालत बने।
शाहपुरा में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त।
नालों की सफाई न होने से उभरी प्रशासन की नाकामी।
दुकानों, मकानों में घुसा पानी, दो पहिया वाहन डूबे, बहे।
पुलिस चौकी सहित कई कॉलोनियां हुई जलमग्न।
शाहपुरा 19 जून- देव कृष्ण राज पाराशर। गुरुवार की सुबह हल्की फुहारों के साथ शुरू हुई बारिश ने दोपहर होते-होते अपना रौद्र रूप दिखाया और शाहपुरा को जल थल में तब्दील कर दिया। आसमान से बरसी आफत की बारिश ने शहर के बाजारों, सड़कों और कॉलोनियों को पानी में डुबो दिया, जिससे जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया।
शहर के प्रमुख बाजारों सदर बाजार, बांडी बाजार, नया बाजार सहित कुंड गेट, उदयभान गेट, कलिंजरी गेट और त्रिमूर्ति चौराहा जैसे मुख्य प्रवेश द्वार पानी से लबालब हो गए। तेज बारिश के कारण बाजारों में खड़े दोपहिया वाहन डूब गए और कई बह गए। ढाई घंटे तक लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने रामद्वारा की ओर जाने वाले रघुसागर मार्ग पर जल निकासी की अव्यवस्था के चलते हालात और बिगाड़ दिए। निचली दुकानों में पानी भर गया। काउंटर और नीचे रखा सामान भीग गया। कोठी फीड मार्ग जलमग्न रहा जबकि पुराने बस स्टैंड पर स्थित पुलिस चौकी के सभी कक्षों में पानी भर गया। आदर्श नगर, गांधीपुरी, रामनगर, रामपुरा कॉलोनी और शहर की बाहरी कच्ची बस्तियों में घरों के अंदर तक बारिश का पानी घुस गया। आदर्श नगर गलियों में खड़ी कारें और अन्य सामान पानी में डूब गए। मांडल-सांगानेर-जयपुर मेघा हाइवे भी पानी में डूबा रहा और भारी वाहनों के आवागमन से सड़कों का पानी आसपास की दुकानों में घुस गया। सीनियर हायर सेकेंडरी स्कूल के सभास्थल पर लगा लोहे का टीन शेड भी धराशायी हो गया।
नालों की सफाई न होने से उभरी प्रशासन की नाकामी:-
स्थानीय निवासियों ने नगर परिषद प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मानसून से पहले नालों की सफाई पूरी नहीं की गई, जिसके कारण कचरे से भरे नाले उफान पर आ गए। सड़कों और बाजारों का पानी दुकानों में, जबकि कॉलोनियों का पानी घरों में घुस गया। इस पहली बारिश ने प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी।
नगरवासियों का आरोप था कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाती तो शहर को इस जल प्रलय का सामना न करना पड़ता। प्रशासन अब राहत कार्यों में जुटा दिखा।
इनका कहना है:- दो सप्ताह पूर्व हो नगर के प्रमुख नालों को साफ करवाया गया। बोर्डिंग हाउस के बाहर का नाला अंडरग्राउंड होने से समस्स्या बनी है। अतिवृष्टि के कारण ऐसे हालत हुए है। सूचना के आधार पर परिषद की टीमें जाप्ते के साथ बरसती बारिश में राहत कार्यों में जुटी थी। रघुनंदन सोनी, सभापति नगर परिषद, शाहपुरा

