भाटोलाव में आयोजित अंत्योदय संबल शिविर का अति. जिला कलक्टर ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
अजमेर | आवाज़ राजस्थान की | प्रतीक पाराशर
राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिलेभर में चल रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर केकड़ी चन्द्रशेखर भण्डारी ने उपखंड सरवाड़ की ग्राम पंचायत भाटोलाव में आयोजित अंत्योदय संबल शिविर का निरीक्षण कर ग्रामीणों से संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान अति. जिला कलक्टर ने मौके पर मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अब तक की प्रगति की जानकारी ली और शिविर की गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिले और कोई भी लाभार्थी योजनाओं से वंचित न रहे।

इस अवसर पर भण्डारी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीमाज्ञान, नामांतरण, पत्थरगढ़ी, सार्वजनिक रास्तों से जुड़े प्रकरणों और सहमति से बंटवारे जैसे मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों को प्राथमिकता देते हुए समाधान की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए।
चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को दिव्यांग प्रमाण पत्रों के सत्यापन एवं त्वरित जारी करने संबंधी निर्देश दिए गए। साथ ही उन्होंने शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि मृत्यु हो चुके अथवा प्रवास पर गए व्यक्तियों की सूची का समुचित और समयबद्ध शुद्धिकरण किया जाए।
ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग को जलग्रहण संरचनाओं की मरम्मत तथा स्वामित्व योजना के अंतर्गत संपत्ति दस्तावेज तैयार कराने के लिए निर्देशित किया गया। वहीं खाद्य सुरक्षा से संबंधित लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए नवीन पात्र परिवारों की आधार सीडिंग जल्द पूर्ण करने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
भण्डारी ने समस्त विभागों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य कर शिविरों को प्रभावी और जनहितकारी बनाएं, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ उनके द्वार तक पहुंचाया जा सके।
