जयपुर में कांग्रेस का नया कार्यालय भवन निर्माण शुरू, बनेगा पांच मंजिला मुख्यालय
जयपुर / प्रतीक पाराशर । राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी को अब अपना नया मुख्यालय भवन मिलने जा रहा है। रविवार को मानसरोवर क्षेत्र के शिप्रा पथ पर स्थित कांग्रेस की जमीन पर पूजा-अर्चना के साथ भवन निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, एआईसीसी राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
23 सितंबर 2023 को हुआ था भूमि पूजन, अब शुरू हुआ निर्माण
कांग्रेस पार्टी के नए मुख्यालय भवन का भूमि पूजन करीब एक वर्ष पूर्व 23 सितंबर 2023 को किया गया था। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की उपस्थिति में इसका शिलान्यास हुआ था। लेकिन तब से अब तक भवन निर्माण कार्य आरंभ नहीं हो पाया था। रविवार को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद अब इसकी शुरुआत कर दी गई है।
80 करोड़ की लागत से बनेगा मल्टीस्टोरी भवन
करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस मुख्यालय भवन में दो बेसमेंट और तीन मंजिलों सहित कुल पांच मंजिलें होंगी। भवन के निर्माण का कार्य दो वर्षों में पूरा किया जाएगा। इसमें कांग्रेस के सभी संगठनों—महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित अन्य इकाइयों के कार्यालय भी होंगे। वर्तमान कांग्रेस कार्यालय में ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या के कारण यह नया भवन अत्यावश्यक हो गया था।
टीकाराम जूली बोले – कांग्रेस का भवन जनता के नाम समर्पित
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि यह भवन आमजन की कांग्रेस का भवन होगा। उन्होंने कहा, “भाजपा कहती है कांग्रेस ने 70 सालों में क्या किया, लेकिन कांग्रेस ने कभी अपने भवन बनाने के बारे में नहीं सोचा, बल्कि इस देश के विकास पर ध्यान दिया। आज का यह कार्य शुरू होना पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का क्षण है।”
भाजपा पर निशाना – सत्ता में आते ही संसाधन बनाना शुरू कर दिए
जूली ने आगे कहा, “बीजेपी सत्ता में आते ही खुद के संसाधनों के निर्माण में लग गई है। पूरे देश में पार्टी कार्यालय बनाए जा रहे हैं। इसके उलट कांग्रेस ने देशहित और जनहित को प्राथमिकता दी है। आज कार्यकर्ता मिलकर चंदा देकर यह भवन बना रहे हैं।”
नगद लेन-देन नहीं, पारदर्शिता से हो रहा है कार्य
भवन निर्माण को लेकर कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि सभी प्रकार की सहायता केवल ऑनलाइन माध्यमों से ली जा रही है। कोई भी नगद लेन-देन नहीं किया जा रहा, जिससे कार्य में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसमें बढ़-चढ़कर योगदान देने का संकल्प लिया है।
गोविंद सिंह डोटासरा ने जताया आभार
पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा, “राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का मैं धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने इस ऐतिहासिक भवन का शिलान्यास किया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और शांति धारीवाल जी ने 6000 वर्गमीटर की जमीन उपलब्ध करवाई, जिसके लिए मैं आभार प्रकट करता हूं।”
भविष्य की दृष्टि से कांग्रेस का केंद्र बनेगा यह भवन
डोटासरा ने आगे कहा, “यह भवन कांग्रेस की संगठनात्मक मजबूती के साथ कार्यकर्ताओं की ऊर्जा का भी प्रतीक बनेगा। इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाया जाएगा, ताकि आगामी वर्षों में पार्टी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।”