सचिन पायलट का केन्द्र पर निशाना: संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है भाजपा सरकारधन्ना तलाई विकास कार्य का शिलान्यास, सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी किया

सचिन पायलट का केन्द्र पर निशाना: संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है भाजपा सरकारधन्ना तलाई विकास कार्य का शिलान्यास, सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी किया
Spread the love

टोंक (प्रतीक पाराशर ) | कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं टोंक विधायक सचिन पायलट ने बुधवार को केन्द्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र और राज्य सरकारों का संवैधानिक पदों, संस्थाओं और संविधान में कोई विश्वास नहीं रह गया है। सरकार जनहित की बजाय सत्ता संरचना में उलझी है।”

पायलट टोंक शहर में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे, जहां उन्होंने ₹1.5 करोड़ की लागत से धन्ना तलाई क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम और सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया। साथ ही विधायक मद से ₹10 लाख की लागत से वार्ड संख्या 56 में सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया।

अपने संबोधन में उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारें किसानों, गरीबों और आमजन की आवाज को दबा रही हैं। उन्होंने कहा कि, “आज सरकार में बैठे लोगों को खाद, बीज, पानी या बिजली की कोई चिंता नहीं है। किसी के पास जवाबदेही नहीं है और न ही किसान की आवाज सुनने वाला कोई है।”

उन्होंने मनरेगा योजना को लेकर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि “कोरोना संकट के समय मनरेगा योजना ने बड़ी संख्या में लोगों को सहारा दिया था, लेकिन वर्तमान सरकार इस योजना को निष्क्रिय बनाने की दिशा में काम कर रही है। प्रक्रियाएं इतनी जटिल बना दी गई हैं कि आमजन जुड़ ही नहीं पा रहा।”

कृषि कानूनों और एमएसपी पर चर्चा करते हुए पायलट ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की मांगों को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि, “एमएसपी लागू करने, बोनस देने या मुआवजा देने की बात आने पर सरकार पीछे हट जाती है, जबकि एक किसान परिवार के सदस्य को ऊँचे पद पर बैठाकर केवल दिखावा किया गया।”

संगठनात्मक मुद्दों पर भी पायलट ने कटाक्ष किया और कहा कि “भाजपा में संगठन और सत्ता के बीच समन्वय नहीं है, वे अपना अध्यक्ष तक तय नहीं कर पा रहे हैं।” इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने देश की संपत्तियों को कुछ उद्योगपतियों को सौंप दिया है, जिससे अमीर और गरीब के बीच की खाई बढ़ रही है।

विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए पायलट ने कहा कि “धन्ना तलाई में ड्रेनेज सिस्टम के बनने से लोगों को गंदे पानी की समस्या से मुक्ति मिलेगी और एक सुंदर पार्क भी विकसित किया जाएगा।” उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज और न्यू हॉस्पिटल का कार्य भी शीघ्र पूरा होगा, जिससे टोंक के लोगों को इलाज के लिए जयपुर नहीं जाना पड़ेगा।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इण्डोर स्टेडियम और रनिंग ट्रैक का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि सिटी पार्क और बनास नदी पर गहलोत ब्रिज का कार्य अंतिम चरण में है। पायलट ने कहा, “सरकार चाहे किसी भी दल की हो, विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।”

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *